Kanpur News: कलेक्ट्रेट पहुंची शिक्षिका अब अपने ही हेराफेरी में फंस गई है। जनता सुनवाई में एक दिन का वेतन काटे जाने पर फरियाद लेकर पहुंची तो डीएम ओवरराइटिंग एप्लीकेशन देखकर ही सब भांप गए।
मामला फर्जी लगा तो डीएम ने जांच बीएसए को सौंप दी। दरअसल बीएलओ की ड्यूटी पर गैरहाजिर रहने से कटा एक दिन का वेतन वापस लेने के लिए जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंची शिक्षिका का एक फर्जीवाड़ा सामने आ गया। बीएलओ बेटी की तबीयत खराब होने की बात कहकर डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट लेकर आई थी। जांच में संबंधित डॉक्टर ने उसे फर्जी बताया।
कचहरी में दिनदहाड़े वकील के सीने में गोली मारी
बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की गई तो पूरा मामला फर्जी निकला। डॉक्टर ने बताया कि संबंधित दिन में वह बाहर था। अब शिक्षिका को आरोपपत्र जारी किया गया है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संविलियन विद्यालय भटपुरा में कार्यरत सहायक शिक्षिका उपासना जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर में भाग संख्या 244 की BLO है। 18 जनवरी को बूथ दिवस मनाया गया था। उस दिन बीएलओ गैरहाजिर थी, जिसके चलते डीएम के आदेश पर एक दिन का वेतन काटा गया।
सोमवार को उपासना DM के पास पहुंची और बेटी की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए मेडिकल सर्टिफिकेट दिखाया। कहा, बेटी को डॉक्टर से दिखाने के कारण बूथ पर उपस्थित नहीं थी। जिलाधिकारी को डॉ. विनीत अग्रवाल का दिया हुआ मेडिकल सर्टिफिकेट में ओवरराइटिंग लगी तो बीएसए को जांच का आदेश दिया।
बीएसए ने संबंधित डॉक्टर से बात की तो जानकारी हुई कि 18 जनवरी को वह शहर से बाहर था। बीएसए ने सहायक शिक्षिका नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उचित जवाब न मिलने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

