KANPUR DISHA MEETING : कानपुर में मंगलवार को मिश्रिख लोकसभा से सांसद अशोक रावत की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में District Development Coordination and Monitoring Committee” (DISHA) की बैठक हुई।
बैठक में सड़क, पुलिया, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, आवास और विद्युत आपूर्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तो कुछ अफसरों की कार्यप्रणाली पर जनप्रतिनिधियों ने तीखी टिप्पणी की। गोलमोल जवाब पर आबकारी अधिकारी को जमकर फटकार लगाई गई, कुछ विभाग के आलाधिकारियों के गैरहाजिर पर स्पष्टीकरण तलब किया गया। अध्यक्ष सांसद अशोक रावत ने सख्त लहजे में कहा कि बैठक में विभाग के आलाधिकारी ही आएं, अधीनस्थों को भेजकर खानापूर्ति न की जाए। KANPUR NEWS
यूपी के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
जैसलमेर में चलती एसी स्लीपर बस में आग, 20 यात्री जिंदा जले
टीएसएच की जांच में भी लीपापोती का आरोप
अकबरपुर लोकसभा से सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने नगर निगम पर सीएम ग्रिड योजना की सड़कों के टेंडर में धांधली का आरोप लगाया। कहा कि अधिशाषी अभियंता दिवाकर भास्कर से कई बार जांच करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने टीएसएच की जांच में भी लीपापोती का आरोप लगाया। कहा कि कन्वेंशन सेंटर की तकनीकी जांच जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जाए, जब तक जांच न हो, हस्तांतरण न किया जाए।
करीब 92 करोड़ से बनाए गए कन्वेंशन सेंटर और बृजेंद्र स्वरूप पार्क स्थित जमीन को किसी संस्था को देने पर आपत्ति उठाई गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इस मामले की तकनीकी जांच कराने को कहा। सांसद रमेश अवस्थी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बृजेंद्र स्वरूप स्थित जमीन को जेसीआई को कैसे दे दिया गया। इसकी भी जांच होनी चाहिए। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद अशोक रावत ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजने के लिए कहा।
आबकारी अधिकारी ने समिति को गुमराह किया
शराब की दुकानों को लेकर सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि कई दुकानें स्कूल और मंदिरों के पास खुली हैं, रोज शिकायतें आ रही हैं। सांसद रमेश अवस्थी ने आरोप लगाया कि आबकारी अधिकारी ने पिछली बैठक की रिपोर्ट में कमीशन को गुमराह किया। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने आबकारी विभाग से पूछा, ‘जिले में शराब की दुकानें स्कूलों और मंदिरों के पास खोल दी गई। आए दिन शिकायतें आ रहीं। आप लोग चाहते क्या हैं? जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार इसकी हमें रिपोर्ट दें’ ।
इसी बात पर सांसद रमेश अवस्थी बोल पड़े, ‘पिछली बैठक में आबकारी अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी कि कितनी शिकायते आई, उसमें कितनी निस्तारित की गई। जवाब में इन्होंने गोलमोल उत्तर दे दिया।’ दोनों सांसदों की यह बात सुनकर ‘दिशा’ के अध्यक्ष एवं मिश्रिख सांसद अशोक रावत भड़क गए। बोले, ‘आबकारी अधिकारी ने समिति को गुमराह किया। इनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करें और नोटिस जारी करें।’
चीफ जलनिगम, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब
बैठक में पेयजल, सीवेज व्यवस्था नगरीय की समीक्षा की बारी आई तो अधिशासी अभियंता तुलिका प्रसाद खड़ी हुई। सांसद भोले सिंह ने परियोजना प्रबंधक के बारे में पूछा तो सही जवाब नहीं दे पाई। उन्होंने जिलाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के लिए कहा। वहीं, बैठक के अंत में सांसद रमेश अवस्थी ने हैलट का प्राइवेट वार्ड 50 अभी तक शुरू न होने पर सवाल किया। प्रमुख चिकित्साधीक्षक डॉ. आरके सिंह सही जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के न आने का कारण पूछा तो बता नहीं पाए। इस पर उन्होंने जिलाधिकारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम (सिटी) डॉ. राजेश कुमार आदि रहे।

