Shri Banke Bihari Temple News : ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर (Banke Bihari Temple) में रविवार को आराध्य के दर्शन के लिए सुबह से ही कोहरे के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मंदिर के चौक से लेकर प्रवेश मार्गों तक भक्तों की लंबी कतार लगी रही। वहीं मंदिर प्रबंधन ने रविवार को श्रद्धालुओं से 29 दिसंबर से पांच जनवरी तक श्रद्धालुओं की अपार भीड़ की संभावना जताते हुए भीड़ में आने से परहेज करने की अपील की है, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है।
रविवार को सुबह से ही ठिठुरनभरी सर्दी के बीच भी श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भीड़ के दबाव और धक्का मुक्की के बीच श्रद्धालु ने दर्शन किए। इसे देखते हुए श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन्होंने श्रद्धालुओं से 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक नव वर्ष पर आने श्रद्धालुओं को भीड़ में न आने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों में अधिक संख्या में श्रद्धालु आयेंगे। आवश्यकता न होने पर वह इन दिनों में मंदिर आने से परहेज करें। मंदिर प्रबंधन ने मंदिर आने वाले श्रद्धालु को कहा कि नगर में आने से पहले भीड़ की जानकारी करने के बाद ही आने की योजना बनाएं।
अपने साथ कीमती सामान नहीं लायें, मंदिर और उसके आसपास माइक से होने वाले अनाउंस को ध्यान से सुनें, मंदिर जूता चप्पल पहन कर न आयें एवं भीड़ के बीच में सक्रिय जेबकट और मोबाइल चोरों से सावधान रहें। श्रद्धालु और उनके साथी जेब में अपने घर के पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखें। बीमार श्रद्धालु भीड़ में न आयें।
इधर सेवायत आशीष गोस्वामी ने कहा कि नव वर्ष पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। मंदिर की गलियों में भीड़ के कारण पानी की बोतल की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। मंदिर और गलियों में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के कारण परेशानी हो रही है। ऐसे में उन्होंने श्रद्धालुओं से नगर में न आने की अपील की है।

