UP Administration News : लंबे समय से छोटे विभागों की कमान संभाल रहे कई IAS अफसरों को इस साल अच्छी तैनाती मिल सकती है। इसके पीछे एक बड़ी वजह यह है कि 2026 में यूपी कैडर के 32 आईएएस अधिकारी रिटायर होंगे। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे अधिकारी शामिल हैं, जो अपर मुख्य सचिव रैंक के हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बड़ी संख्या में रिटायरमेंट के बाद 1991, 1992 बैच के अफसरों को अहम पदों पर तैनाती मिल सकती है। इसमें खासतौर पर एपीसी, आईआईडीसी के पद शामिल हैं। मौजूदा एपीसी एवं आईआईडीसी दीपक कुमार इस साल अक्टूबर में रिटायर हो रहे हैं।
वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त होने वालों में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं आईआईडीसी दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल और अमित घोष प्रमुख हैं। इसके अलावा राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल कुमार भी इस साल मई में रिटायर होंगे। जनवरी 2026 में पांच आईएएस अधिकारी रिटायर होंगे। इसमें आगरा के मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह भी हैं। फरवरी में डॉ. देवेश चतुर्वेदी, सुभाष चंद्र शर्मा सहित चार आईएएस अधिकारी रिटायर होंगे।
अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल सितंबर और कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार अक्टूबर में रिटायर होंगे। केंद्र में तैनात कामरान रिजवी भी अक्टूबर में, जबकि अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा अमित घोष दिसंबर 2026 में सेवानिवृत्त होंगे।
26 पीसीएस अधिकारी भी इस साल होंगे रिटायर
आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ इस साल बड़ी संख्या में पीसीएस अधिकारी भी रिटायर होंगे। 2026 में 26 पीसीएस अधिकारी भी रिटायर होंगे।

