Kanpur Circle Rate News : जिला प्रशासन ने कानपुर में जमीनों के सर्किल रेट संशोधन प्रस्ताव के पुनरीक्षण के बाद संशोधित सर्किल रेट की सूची को जारी किया है। संशोधन के बाद मूल्यांकन के नए नियम तय किए गए हैं। वहीं कई इलाकों में सर्किल रेट घटाने का भी प्रस्ताव है। प्रशासन ने इन संशोधित कटौती वाली दरों पर 16 जनवरी तक आपत्तियां मांगी हैं।
आपत्तियों को DM व एडीएम वित्त के कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी। दरें कम होने से जमीन या मकान की रजिस्ट्री कराने वालों को राहत मिल सकती है। संशोधित सूची कानपुर नगर की एनआईसी वेबसाइट पर अपलोड करा दिया गया है।
संसोधित सर्किल दरों की सूची जारी की
उपनिबंधकों की रिपोर्ट के बाद सोमवार को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी ने संसोधित सर्किल दरों की सूची जारी की। फ्लैट और चार मंजिला भवन में निर्माण मूल्य पर छूट मिलेगी। इससे अधिक में कोई छूट नहीं मिलेगी। प्रीमियम फ्लैट के निर्माण मूल्य में 35 से 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रस्ताव है।
न्यू कानपुर सिटी परियोजना के तहत ग्राम गंगपुर चकबदा, सम्भरपुर, सिंहपुर कछार और हिन्दुपुर की करीब 89.86 हेक्टेयर अर्जन योग्य भूमि पर 2 सितंबर 2024 और 6 सितंबर 2025 की सर्किल दरों से प्रभावित नहीं होंगे। इससे परियोजना क्षेत्र में जमीन सौदों को स्थिरता मिलेगी। बताते चलें कि जिला प्रशासन ने 6 सितंबर 2025 को नया सर्किट रेट लागू किया गया था। जिसके बाद कई वकीलों ने आपत्ति जताई थी। अलग-अलग पत्र लिखकर नई दरों को संसोधित करने की मांग की थी।
कृष्णा नगर व चंदारी के दाम घटे
संशोधित सूची में कृष्णा नगर में सर्किल रेट घटे हैं। यहां की आवासीय दरें 27,000 से 24,000 रुपये, 38,000 से 34,000 रुपये, 49,000 से 44,000 रुपये की गई हैं। दुकान व कामर्शियल भूमि की दरें 51,000 से 46,000 रुपये, 59,000 से 53,000 रुपये, 75,000 से 67,000 रुपये की गई गई हैं।
मोहल्ला चन्दारी में भी सर्किल रेट घटाए गए हैं। यहां आवासीय दरें 16,000 से 14,000 रुपये, 24,000 से 22,000 रुपये व 30,000 से 27,000 रुपये हुई हैं। इसके अलावा दुकान व कामर्शियल भूमि की दरें 47,000 से 42,000 रुपये, 54,000 से 48,000 रुपये व 62,000 से 56,000 रुपये की गई हैं।

