Kanpur Black Out Mock Drill : शाम छह बजे जीआईसी चुन्नीगंज ग्राउंड में अचानक तेज धमाकेके बाद ही सायरन बजा। मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले से निपटने की तैयारी की गई। करीब 30 मिनट तक ब्लैक आउट रहा। इस दौरान कर्नलगंज, ग्वालटोली, नई सड़क, साइकिल मार्केट, यतीमखाना, बेकनगंज, तलाक महल, परेड, पीपीएन मार्केट आदि क्षेत्रों की 30 मिनट के लिए बिजली काट दी गई।
Kanpur News : मनमानी फीस और जबरन खरीद पर प्रशासन सख्त
चेतावनी सायरन से किया गया हवाई हमले का संकेत
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की स्थिति को दर्शाने के लिए छह बजते ही तीव्र ध्वनि वाला चेतावनी सायरन बजाया गया। यह सायरन विशेष लय में बजा, जिसमें आवाज पहले धीरे-धीरे तेज हुई और फिर क्रमशः कम होती गई। सायरन बजते ही लोगों ने खुले स्थान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
DM JP SINGH ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन की तैयारियों की परख करना और आम नागरिकों को सतर्क रहने के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में संभावित शत्रुतापूर्ण घटनाओं के दौरान, नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखना है। उन्होंने कहा कि आपात स्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पूर्व अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। शांति काल में की गई तैयारी ही संकट के समय जनहानि को कम करती है।
मॉक ड्रिल के दौरान जीआईसी चुन्नीगंज में सायं 6:30 बजे ब्लैकआउट कर हवाई हमले की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें हवाई हमले के समय सुरक्षित रहने के तरीके, हमले के बाद नागरिकों को शेल्टर होम तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया, आग पर नियंत्रण, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार केंद्र तक पहुंचाने की कार्यवाही का डेमो दिया गया।
मॉकड्रिल में अपर जिलाधिकारी (नगर) राजेश कुमार, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, होमगार्डस् के अधिकारी, विद्युत विभाग, NCC कैडेट्स उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा कानपुर नगर के उपनियंत्रक शिवराज सिंह, सहायक उपनियंत्रक (वरि०वे०) विष्णु कुमार शर्मा, विमलेश कुमार यादव, मुकेश कुमार एवं प्रभारी सहायक उपनियंत्रक प्रवीण कुमार वर्मा एवं समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

