Kanpur News: सरकारी अस्पतालों में दवा सप्लाई करने वाले उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमएससीएल) के वेयर हाउस से लिए गए एलर्जी सिरप के सैंपल फेल हो गए हैं। सिरप में दवा की मात्रा सिर्फ 67% ही निकली है।
दवा की सप्लाई करने वाली हिमाचल प्रदेश की सैंटलाइफ कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज होगा। प्रो मैथाजीन सल्फेट एलर्जी सिरप में दवा की मात्रा कम मिली है। अक्तूबर में लिए गए आठ सैंपल में दो फेल हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह ने बताया कि अक्तूबर में यूपीएमएससीएल के स्टोर से लिए गए आठ सैंपल में दो एलर्जी सिरप के सैंपल की रिपोर्ट फेल है। इनमें दवा की मात्रा काफी कम मिली है।
अक्तूबर में ड्रग विभाग की ओर से सचेंडी के सुरार गांव स्थित यूपीएमएससीएल के स्टोर में छापेमारी करके जांच पड़ताल की गई थी। उस वक्त एलर्जी, एंटीबॉयोटिक, पेन किलर समेत आठ सैंपल लिए गए थे। जनवरी में आई आठ जांच रिपोर्ट में एलर्जी सिरप प्रो मैथाजीन सल्फेट सिरप के दो सैंपल फेल हो गए है। दोनों में ही दवा की मात्रा 100 की बजाए सिर्फ 67% ही निकली है। सिरप का इस्तेमाल एलर्जी में किया जाता है। इसकी खपत बड़े पैमाने पर होती है। ड्रग विभाग अब दवा की सप्लाई करने वाली हिमाचल प्रदेश की कंपनी सैंटलाइफ और यूपीएमएससीएल से सवाल जवाब करेगी। फिर कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

