UP Weather News : यूपी के कानपुर, लखनऊ, औरैया, जालौन समेत 10 जिलों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। उन्नाव, चित्रकूट और इटावा में आधे घंटे तक ओले गिरे। सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटे में 26 जिलों में बारिश, 29 जिलों में भीषण घने कोहरे का अलर्ट है। हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2°C से 4°C तक की गिरावट आने के आसार हैं। रात और सुबह की ठंड अभी और सताएगी।
30 जिलों में आंधी का अलर्ट, बारिश भी होगी
IMD के मुताबिक- प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, इटावा, मैनपुरी, अयोध्या, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी जिलों और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 KMPH) के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
अचानक बदले मौसम से लोग घरों में दुबके रहे। जरूरी काम से बाहर निकले लोग छाते और रेन कोट का सहारा लेते नजर आए। वहीं, लखनऊ, अलीगढ़, मैनपुरी, बुलंदशहर समेत 20 जिलों में कोहरा छाया है। बर्फीली हवाएं चल रही हैं। पारा एक बार फिर 6.5°C तक पहुंच गया है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई।
कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात चरमरा गया है। लखनऊ समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स देरी से उड़ रही हैं। उन्नाव समेत 5 जिलों में 10 गाड़ियां टकराईं। आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर हो गई। कई लोग जख्मी हो गए। एक की हालत गंभीर है।
13 जिलों में अगले 2 घंटों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, फतेहपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, लखीमपुर खीरी और आसपास के इलाकों में बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली, तेज हवा, ओलावृष्टि और आंधी (30-50 KMPH) का अलर्ट है। इस दौरान मध्यम वर्षा की संभावना है।
कानपुर शहर में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह होते ही आसमान में घने बादल छा गए और सड़कों पर अंधेरा सा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को ठंड और गलन का एहसास बढ़ गया। घाटमपुर क्षेत्र में भी सुबह से लगातार बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने से ठंड और गलन काफी बढ़ गई है।

