KANPUR NEWS : सिविल लाइंस में नजूल की जमीन पर कब्जे में महापौर के बेटे समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नजूल की जमीन पर कब्जेदारों ने चट्टा, पार्किंग, स्ट्रीट लाइटें, झोपड़ी और ओपन जिम बना लिए। इस जमीन पर गाय भी बांधी जा रही थी। बागी पार्षदों की लिखित शिकायत पर डीएम ने जांच कराई तो कब्जे की तस्दीक हुई। इसके बाद पीपीई एक्ट के अंतर्गत एसीएम तीन की कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब नोटिस देकर कब्जेदारों से सवाल-जवाब किया जाएगा, फिर उनको बेदखल किया जाएगा।
ADM वित्त विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक नजूल की जमीन पर अवैध कब्जे मिले हैं। लेखपाल ने 14 लोगों पर पीपीई एक्ट का केस एसीएम तृतीय की कोर्ट में दर्ज कराया है।
पार्षद पवन गुप्ता समेत अन्य ने नजूल की जमीन पर कब्जे की शिकायत से डीएम की थी। DM जितेन्द्र कुमार सिंह ने SDM सदर, एसीएम सप्तम और तहसीलदार सदर की कमेटी से इसकी जांच कराई। कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक सिविल लाइंस में पुलिस कमिश्नर आवास के ठीक पीछे ब्लॉक नंबर एक, प्लाट नंबर 5 व 6 नजूल की भूमि है। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बड़े पैमाने पर अवैध कब्जों की जानकारी मिली। इस पर लंबे समय से कब्जा है। टीम ने जांच रिपोर्ट में महापौर के बेटे बंटी पांडेय समेत 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी।
जिस पर ACM तृतीय की कोर्ट में लेखपाल हरिशंकर विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर पीपीई एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। अब उसमे सुनवाई चलेगी। मौके पर टीम को आवास, टट्टर, बंधी हुई गाय, झोपड़ी, कार्यालय, टीनशेड, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट और पानी की टंकी लगी मिली है। इससे पहले नगर निगम की जांच में भी अवैध निर्माण की पुष्टि हो चुकी है।
इन लोगों पर दर्ज मामला : अमित पांडेय बंटी, निजामुद्दीन, राम नारायण, मोहित, पप्पू, जुग्गीलाल, केदारनाथ यादव, शीला, रामकली, मन्नीलाल, अशोक, आशू, मुन्नी कश्यप, सुनीता, रज्जन, प्रेम प्रकाश व रमेश शामिल हैं।

