KANPUR NEWS: फूलबाग स्थित फल मंडी में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एक बंद पड़ी चाय-मैगी की दुकान से भड़की, जिसने कुछ ही देर में आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और करीब एक दर्जन से अधिक दुकानों में फैल गईं।
तहसीलदार विनय द्विवेदी ने बताया कि आग से हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है। आग की चपेट में सड़क पटरी पर बनी लगभग 27 दुकाने आ गयी थी। आग पर काबू पा लिया गया है। इस अग्निकांड में कोई जन-पशु हानि नही हुई है। मौके पर क्षति की विस्तृत जांच जारी है। विस्तृत आख्या पृथक से प्रेषित की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही ओईएफ (ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री) की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। मंडी में मौजूद दुकानदारों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों से सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आंकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।

