Kanpur Ghatampur Tehsil News : घाटमपुर तहसील क्षेत्र में प्रशासन की पहल “मेड़ पर न्याय” के तहत एक बार फिर सहज, सरल और त्वरित न्याय का उदाहरण देखने को मिला।
ग्राम पड़ीलालपुर में लंबित बंटवारा वाद का निस्तारण एक ही दिन में दो बार सुनवाई कर मौके पर ही कर दिया गया।
मंगलवार को पहले दोपहर 2:00 बजे न्यायालय में मामले की सुनवाई की गई, इसके बाद शाम 4:45 बजे संबंधित खेत पर पहुंचकर पुनः दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुनवाई की गई। मौके पर ही सभी पक्षों को सुनते हुए सहमति के आधार पर कुर्रा (जमीन का बंटवारा) कराया गया और विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकाल लिया गया।
SDM घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि कई बार न्यायालय में ऐसे संवेदनशील मामले सामने आते हैं, जिनमें तत्काल राहत आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि यह मामला भी अर्जेंसी का था, इसलिए एक ही दिन में दो बार सुनवाई कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि “मेड़ पर न्याय” जैसी पहल से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि आमजन को मौके पर ही न्याय मिलने से प्रशासन और न्यायिक प्रणाली के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।

