Uttar Pradesh News: उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर AC बस मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही प्राइवेट स्लीपर बस औरास थाना इलाके में नींभाखेड़ा गांव के पास अंडरपास पर डिवाइडर में टकरा कर पलट गई।
हादसे में दरोगा-कैदी समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई। 3 पुलिसकर्मी समेत 21 लोग घायल हैं। दिल्ली से बिहार जा रही बस में करीब 30 यात्री सवार थे। सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी। अचानक ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस डिवाइडर से टकराकर किनारे लगी रेलिंग पर लटक गई। इससे कई यात्री बस की खिड़कियों से एक्सप्रेस-वे के नीचे गिर गए। एक का पैर कटकर अलग हो गया।
हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 262 के पास हुआ। मृतकों की पहचान बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) के रूप में हुई है। 4 मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी।

