BREAKING NEWS : लखनऊ से दिल्ली जा रही Shatabdi Express पर गुरुवार शाम मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया।
इस घटना से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई, क्योंकि इसी ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक Mohan Bhagwat भी सवार थे। गनीमत यह रही कि इस पथराव में संघ प्रमुख पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एजेंसियों ने ली राहत की सांस
सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल और स्टेशन पर भीड़भाड़ को देखते हुए संघ प्रमुख Mohan Bhagwat को ट्रेन की बोगी से नीचे नहीं उतारा गया। सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने बोगी के भीतर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। संघ प्रमुख के पूरी तरह सही-सलामत होने की पुष्टि के बाद ही सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
ई-1 कोच में थे मोहन भागवत
संघ प्रमुख Mohan Bhagwat शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास के ई-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन जब मक्खनपुर-फिरोजाबाद के बीच से गुजर रही थी, तभी अचानक बोगी को निशाना बनाकर पत्थर से हमला किया गया। पत्थर सीधे उसी बोगी पर जा लगा जिसमें संघ प्रमुख मौजूद थे, जिससे खिड़की का एक शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि, गनीमत यह रही कि मोहन भागवत दूसरी साइड बैठे थे। पत्थर से खिड़की का कांच टूट गया। सुरक्षा और सतर्कता को देखते हुए ट्रेन को बीच रास्ते में कहीं भी रोका नहीं गया और उसे सीधे आगे के लिए रवाना रखा गया। घटना की सूचना मिलते ही टूंडला जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मुस्तैद हो गए। शाम 7:34 बजे जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस टूंडला जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, सुरक्षा घेरा बेहद सख्त कर दिया गया।

