KANPUR NEWS : DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को विकासखंड पतारा के ग्राम हथेही में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की स्थापना हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक मानकों का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
योगी ने राममंदिर चढ़ावे की जांच के लिए SIT बनाई
शासन के निर्देशानुसार जनपद के जिन विकासखंडों में वर्तमान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित नहीं हैं, वहां नए विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में कानपुर नगर जनपद में एक भी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित नहीं है।
ऐसे में भीतरगांव, बिधनू, बिल्हौर, चौबेपुर, घाटमपुर, ककवन, कल्याणपुर, पतारा, शिवराजपुर, सरसौल तथा नगर क्षेत्र में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय खोले जाने प्रस्तावित हैं।
Azamgarh-Varanasi नेशनल हाईवे पर ट्रेलर से टकराई कार, चार लोगों की मौत
जिलाधिकारी ने सभी SDM को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालय स्थापना के लिए तीन एकड़ निर्विवादित भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। भूमि ऐसी हो जहां सुगम पहुंच मार्ग उपलब्ध हो, हाईटेंशन विद्युत लाइन न हो तथा भूमि यथासंभव समतल हो। प्राथमिकता परिषदीय, राजकीय अथवा डायट परिसरों में उपलब्ध भूमि को दी जाएगी।
DM ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बालिका शिक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकें, यूनिफॉर्म तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तथा शिक्षा से वंचित होने की आशंका वाली बालिकाओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय खुलने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सुरक्षित आवासीय वातावरण, नियमित अध्ययन और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता से बालिकाओं के बीच विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी तथा उच्च कक्षाओं में नामांकन बढ़ेगा। यह पहल बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान SDM घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

