KANPUR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन एवं रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह (DM Jitendra Pratap Singh) ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
PM Modi Kanpur Visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संभावित दौरा
जिलाधिकारी ने बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शिवराजपुर तथा महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेंट जोसेफ सेकेंडरी स्कूल, बाल निकेतन बालिका जूनियर हाई स्कूल एवं राजकीय श्रम कार्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैंप सहित एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का समयबद्ध भौतिक सत्यापन पूर्ण करें। जहां किसी प्रकार की कमी या असुविधा हो, उसे तत्काल दूर कराया जाए। जिन भवनों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना संभव न हो, वहां नियमानुसार अन्य उपयुक्त भवन चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराए जाएं।
जिलाधिकारी (DM Jitendra Pratap Singh) ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदान केंद्रों एवं बूथों का भौतिक सत्यापन एवं रेशनलाइजेशन कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना तथा मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को लगता है कि उसका मतदान केंद्र अधिक दूर है, सड़क, रेलवे लाइन, नहर अथवा अन्य बाधा को पार कर जाना पड़ता है अथवा परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, तो वे अपने सुझाव संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों एवं प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप परीक्षण के उपरांत आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। जुलाई माह के अंत तक मतदान केंद्रों एवं मतदान स्थलों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अंतिम रूप से निर्धारित सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैंप तथा अन्य आवश्यक एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक मतदाता को अपने निकटतम एवं सुविधाजनक मतदान केंद्र पर निर्बाध मतदान की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। प्राथमिक विद्यालय शिवराजपुर-प्रथम में जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद भी किया और उनसे पढ़ाई से जुड़े कुछ सवाल भी पूछे जिनका बच्चों ने संतोषजनक जवाब दिया।
एडीएम वित्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
एडीएम वित्त विवेक चतुर्वेदी ने आर्य नगर विधानसभा के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुछ केन्द्रों में पेयजल व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए हैं

