KANPUR NEWS : सावन के पहले दिन गंगा स्नान करने आई चार युवतियों के साथ बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुदारा घाट पर बड़ा हादसा हो गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक किशोरी गंगा में डूब गई, जबकि उसकी दो सहेलियों को स्थानीय लोगों और नाविकों की मुस्तैदी से बचा लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और महाजाल की मदद से डूबी किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
CM योगी ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया
सावन के पहले दिन बिठूर घूमने आई थीं चार सहेलियां
कल्याणपुर के बारासिरोही में किराए का कमरा लेकर रहने वाली और एक निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्सिंग स्टाफ अनुष्का शर्मा सावन के पहले दिन अपनी ममेरी बहन मुस्कान (निवासी फैजाबाद) तथा अपनी दो सहेलियों—रिया (17, निवासी शिवली) और रिया (18, निवासी कटरा, कन्नौज) के साथ बिठूर भ्रमण और गंगा स्नान के लिए आई थी।
एक को डूबता देख बचाने में बाकी भी फंसीं
बिठूर के गुदारा घाट पर स्नान के दौरान फैजाबाद निवासी मुस्कान अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगी। मुस्कान को डूबता देख बाकी तीनों सहेलियों ने चीख-पुकार मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान मुस्कान को बचाने के चक्कर में अनुष्का और कन्नौज निवासी रिया भी गहरे पानी में समाने लगीं और डूबने की स्थिति में आ गईं।
युवकों और नाविक ने दिखाई बहादुरी, बची दो जिंदगियां
घाट पर युवतियों की चीख-पुकार सुनकर पास में खड़े कुछ स्थानीय युवकों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। वहीं, घाट पर कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाले रामजी द्विवेदी ने तत्परता दिखाते हुए किनारे खड़ी नाव को गंगा में उतारा। युवकों और नाविक रामजी द्विवेदी की मदद से तुरंत अनुष्का और रिया को सुरक्षित नाव पर चढ़ाकर बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई।

