UTTAR PRADESH WEATHER NEWS : यूपी में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। पूरे प्रदेश में पिछले 40 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है।
40-50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। सड़कें तालाब बन गई हैं। कॉलोनियों में पानी घुस गया है। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सीएम योगी ने कहा- लोग बेवजह घर से बाहर न निकलें। अपनों का ख्याल रखें। सरकार आपके साथ खड़ी है। दूसरी तरफ सीएम योगी ने भी बारिश को लेकर संबंधित जिलों के डीएम को फिल्ड में जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी का निर्देश दिया है।
कानपुर और फतेहपुर में गली-मोहल्लों में 2-3 फीट पानी भर गया। देवरिया और बाराबंकी धान की सैकड़ों बीघा फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। डीएम-एसपी अनाउंस कर रहे हैं कि पानी बढ़ने की स्थिति में लोग दुकानें बंद करके घर चले जाए। लखीमपुर में कच्ची दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है।
लखनऊ में घरों में किचन और बेडरूम तक पानी घुस गया। गलियों में कमर तक पानी में लोग बाइक और साइकिल से चलते नजर आए। सड़कों पर पेड़-पोल गिरने से लंबा जाम लग गया। लगातार हो रही बारिश ने मौसम का 19 साल रिकॉर्ड टूट गया। शुक्रवार को दिन का तापमान 23.5°C पहुंच गया। इससे पहले 25 सितंबर 2007 को तापमान 23°C रिकॉर्ड किया गया था।
इन जिलों में बाढ़ को लेकर अलर्ट
सुरक्षा और राहत एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे आज़मगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के कुछ हिस्सों में अचानक आने वाली बाढ़ के लिए तैयार रहें।
दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कई जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसके तहत कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ अलग-थलग जगहों पर बहुत ज़्यादा बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश से राज्य के कुछ जल-ग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आ सकती है। बारिश के साथ जमीन पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ़्तार 30-40 किमी/घंटा और झोंकों की रफ़्तार लगभग 50 किमी/घंटा हो सकती है। वहीं, कुछ जगहों पर 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ़्तार कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है।
27 सितंबर तक अलर्ट
वहीं भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने 27 सितंबर तक के जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और राज्य में अचानक बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित जिलों के DM को विशेष सतर्कता बरतने और इंतजामों की निगरानी के लिए जमीनी स्तर पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि ‘रेड अलर्ट’ वाले और अचानक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखे जाएं।

