BIG NEWS : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के रिजल्ट आ गए हैं। एमपी के दतिया में कांग्रेस और गुजरात में भाजपा जीत गई है।
बिहार के बांकीपुर (Bankipur) में नितिन नवीन (Nitin Naveen) की सीट पर प्रशांत किशोर (Prashant Kishore) जीत गए हैं। जनसुराज पार्टी (Jansuraj Party) के फाउंडर प्रशांत किशोर 19,246 वोटों से जीते हैं। प्रशांत को 63,946 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,700 वोट मिले हैं।
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट है। वे यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया।
इधर, MP के दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा ने यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। आशुतोष नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी नहीं जीत पाए।
बांकीपुर से जीत सिर्फ एक उपचुनाव का नतीजा नहीं
प्रशांत किशोर की बांकीपुर से जीत सिर्फ एक उपचुनाव का नतीजा नहीं है. अब तक प्रशांत किशोर बाहर खड़े होकर सत्ता और विपक्ष, दोनों पर हमला करते थे. अब वो एनकाउंटर सदन के भीतर देखने को मिलेगा. पीके सिर्फ सम्राट चौधरी ही नहीं, तेजस्वी यादव के लिए भी सिरदर्द होने जा रहे हैं.
भाजपा अपनी सबसे प्रतिष्ठित सीट नहीं बचा सकी. यह वही सीट थी जो राज्यसभा जाने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी. भाजपा के लिए यह सिर्फ एक सीट नहीं, प्रतिष्ठा का सवाल था.
सिर्फ नौ महीने बाद तस्वीर बदल चुकी है. मुख्यमंत्री अब नीतीश कुमार नहीं हैं. उनकी जगह सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं. यही सम्राट चौधरी, जिनकी शैक्षणिक योग्यता और पुराने आपराधिक मामलों को लेकर चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर लगातार सवाल उठाते रहे थे. अब दोनों पहली बार विधानसभा के भीतर आमने-सामने होंगे. फर्क सिर्फ इतना है कि पहले पीके प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछते थे, अब सदन के रिकॉर्ड में सवाल दर्ज होंगे.

