GORAKHPUR NEWS : खजनी तहसील में तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह के खिलाफ वकीलों ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। वकील तहसीलदार पर बदजुबानी और न्यायिक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं।
यूपी के 10 जिलों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश
तहसीलदार पहले भी अपनी बदजुबानी के लिए चर्चित रहे हैं। तहसीलदार के व्यवहार के कारण तहसील बार एसोसिएशन खजनी की एक आपात बैठक बुलाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह के न्यायालय का बहिष्कार करने और उनके स्थानांतरण की मांग करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में वकीलों ने लाउडस्पीकर लगाकर धरना-प्रदर्शन किया और तहसीलदार के विरोध में नारे लगाए।
वकीलों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक पत्र एसडीएम खजनी को सौंपा, जिसमें तहसीलदार के तत्काल स्थानांतरण की मांग की गई है। इस अवसर पर एडवोकेट राजेंद्र कुमार पाण्डेय, महेश प्रसाद दूबे, बार के अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राजदेव प्रियदर्शी, मंत्री राजनाथ दूबे, दीपक मिश्रा, विनोद पांडेय, शशिशेखर सिंह, प्रमोद मिश्रा, गजेंद्र कुमार, बृजेन्द्र यादव, अनूप सिंह, विनोद सिंह, कमलेश कुमार सहित तहसील के दर्जनों वकील मौजूद रहे।

