HEALTH NEWS : दांतों की देखभाल भी शरीर के बाकी हिस्सों जितनी ही जरूरी है। इसकी कमी से दांत कमजोर, पीले, सांस की बदबू और पायरिया जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आज हम पायरिया के बारे में जानेंगे। HEALTH NEWS
क्या है पायरिया?
दांतों को सही तरीके से नहीं धोने से मुंह में बैक्टीरिया फैल सकते हैं, जो पायरिया का कारण बन सकते हैं। पायरिया के लक्षणों में मुंह से गंदी बदबू आना, मसूड़ों से खून आना और दांत कमजोर होकर हिलना शामिल हैं। इसके अलावा, मसूड़ों में सूजन भी हो सकती है। दांत भी सफेद से पीला होने लगते हैं।
इन विटामिन्स की कमी से हो सकता है पायरिया
विटामिन सी
पायरिया होने की एक बड़ी वजह शरीर में विटामिन सी की कमी है। ये विटामिन हमारी इन्युनिटी को दुरुस्त रखता है। जिससे कई तरह के इन्फेक्शन का खतरा कम हो जाता है। संतरा, नींबू, मौसंबी जैसे खट्टे फलों में विटामिन सी अच्छी-खासी मात्रा में मौजूद होता है।
विटामिन डी
विटामिन डी हड्डियों की मजबूती के साथ मेंटल हेल्थ के लिए भी जरूरी होता है। इसके अलावा इससे पायरिया होने का खतरा भी कम होता है। इस न्यूट्रिएंट का बेहतरीन स्त्रोत है सुबह की धूप। दिन में कम से कम 15 से 20 मिनट धूप में बैठें। खानपान में दूध, दही, मक्खन, पनीर, पत्तागोभी, मशरूम को खासतौर से शामिल करें।
विटामिन बी12
दांतों की अच्छी सेहत के लिए विटामिन बी12 बहुत जरूरी है। इसकी कमी से दांत कमजोर होने लगते हैं। आगे चलकर इससे पायरिया की समस्या भी हो सकती है। विटामिन बी12 की कमी को पूरा करने के लिए डाइट में दूध, फैटी फिश और अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स को शामिल करें।
दांतों की सेहत से जुड़े जरूरी टिप्स
दांतों को मजबूत बनाए रखने और सांसों की दुर्गंध दूर करने के लिए साफ-सफाई बहुत जरूरी है। पॉसिबल हो तो फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें, क्योंकि इससे न सिर्फ दांत मजबूत होते हैं, बल्कि ये दांतों में कीड़े लगने की समस्या से भी बचाता है।
अगर आपके दांतों के बीच गैप है, तो इसमें खाने के टुकड़े फंसते ही हैं, तो इसे ऐसे न छोड़ें, बल्कि फ्लॉस का इस्तेमाल करके इसे साफ कर लें। देर तक खाना फंसे रहने से मुंह से बदबू तो आती ही है साथ ही इन्फेक्शन की संभावना भी बनी रहती है।
शरीर में पानी की कमी से भी दांत कमजोर होने लगते हैं। सही मात्रा में पानी पीने से मुंह में पर्याप्त लार बनती है, जिससे दांतों को नुकसान पहुंचाने वाले बैक्टीरिया की संख्या कम हो जाती है और मुंह के अंदर का पीएच वैल्यू सही बना रहता है।
बहुत ठंडी या गर्म चीज़ें होती हैं नुकसानदायक
सिर्फ ठंडी ही नहीं अगर आप बहुत ज्यादा गर्म चीज़ें भी खाते हैं, तो जान लें ये दांतों की सेहत के लिए सही नहीं होता। ऐसा करने से दांतों की ऊपरी परत डैमेज होने लगती है और इससे दांत सेंसिटिव हो जाते हैं। वहीं बहुत गर्म खाने से मुंह और गले में छाले हो सकते हैं। जिससे मुंह की साफ-सफाई सही तरीके से नहीं हो पाती, जिससे मुंह से बदबू आती रहती है।

