KANPUR NARWAL TEHSIL NEWS : हाईवे पर नियम तोड़कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्रशासन का सख्त अभियान देखने को मिला। नरवल क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 151 वाहनों का चालान किया गया तथा 11 लाख 25 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 की मौत
SDM नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेंगे।
रात में चले इस संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने हाईवे पर गुजर रहे वाहनों की गहन जांच की। बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहन, अनधिकृत रूप से संचालित वाहन, ओवरलोड वाहन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान में परिवहन विभाग ने 95 वाहनों का चालान कर 8 लाख 47 हजार रुपये, पुलिस विभाग ने 52 वाहनों का चालान कर 78 हजार 500 रुपये तथा खनन विभाग ने 4 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला। कुल मिलाकर 151 चालान किए गए और 11 लाख 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे, परिवहन विभाग से मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला खनन अधिकारी पारसनाथ, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, राजस्व विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

