KANPUR NEWS : जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्य), निर्माण कार्य तथा सीएम डैशबोर्ड (राजस्व कार्यों) की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने पर पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम, पर्यटन विभाग की कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुखवीर सिंह तथा जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विगत तीन माह से लगातार जननी सुरक्षा योजना में ‘डी’ श्रेणी आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों की लगातार लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग खराब होगी, उनके संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान जनपद की रैंकिंग ‘सी’ पाए जाने पर समस्त खंड विकास अधिकारियों, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग तथा मंडी शुल्क में लगातार ‘डी’ ग्रेड प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस (शो कॉज नोटिस) जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने 12 ऐसी परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों को भी शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, जिन्होंने निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं किया। इनमें चिकित्सा शिक्षा, परिवहन विभाग, ऊर्जा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, गृह एवं गोपन विभाग, कारागार विभाग, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) सहित अन्य विभाग शामिल हैं। साथ ही संबंधित विभागों को चेतावनी पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना, उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना तथा विभागीय अधिकारियों की भांति कार्यदायी संस्थाओं की भी समान जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारी एवं संस्थाएं अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नगर) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

