Kanpur News : DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को CHC बिठूर (Bithoor CHC) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के समय चिकित्सक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डॉ. राजेश कुमार तथा स्वास्थ्यकर्मी शिवम पाल अनुपस्थित पाए गए। इस पर DM ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तीनों कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिले में शिकायत निस्तारण में बिल्हौर तहसील अव्वल, 122 रैंक
आईजीआरएस रैंकिंग में कुछ सुधार, 3 अंकों की छलांग, 75 जिलों में 57वीं रैंक
जिलाधिकारी ने भ्रमण पंजीका का अवलोकन किया तथा ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक का भी निरीक्षण किया और आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आउटसोर्सिंग कार्मिकों ने वेतन समय से न मिलने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्त आउटसोर्सिंग कार्मिकों का वेतन समयबद्ध ढंग से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
DM ने स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिला बंद
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बूढ़नपुर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरोग्य मंदिर बंद मिला। इस पर DM ने CMO से केंद्र बंद होने का कारण पूछा तथा आरोग्य मंदिर का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

