KANPUR NEWS: जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन (JIMMC), कानपुर के तत्वावधान में आयोजित ‘मीडिया फेस्ट 2026’ का शुभारंभ लक्ष्मी देवी ऑडिटोरियम में बेहद धूमधाम और गरिमापूर्ण माहौल में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि DM जितेंद्र प्रताप सिंह, एसीपी कैंट डॉ प्रियंका बाजपेई, नमस्ते इंडिया के नेशनल हेड राजीव मिश्र, सीएसए के डायरेक्टर प्लेसमेंट डॉ. विजय यादव, सीएसजेएमयू के डिपार्टमेंट ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरि ओम, जागरण डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ अस्मिता दुबे, जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की डायरेक्टर डॉ दिव्या चौधरी, jida डायरेक्टर अमरदीप सिंह ने दीप प्रज्वलन कर फेस्ट की विधिवत शुरुआत की।
DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में मीडिया की भूमिका और जिम्मेदारी दोनों बहुत बढ़ गई है। उन्होंने भावी पत्रकारों से निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रशासन और शिक्षा जगत के दिग्गजों ने साझा किए विचार
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर कैंट की एसीपी (ACP) डॉ. प्रियंका वाजपेयी ने कानून व्यवस्था और मीडिया के अंतर्संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि अनुशासन और सही बैकअप प्लान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
संस्थान के निदेशकों ने किया अतिथियों का स्वागत
JIMMC के निदेशक डॉ. उपेन्द्र पांडेय ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए फेस्ट की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य छात्रों की रचनात्मकता और उनके प्रबंधकीय कौशल को एक मंच प्रदान करना है। इसके साथ ही जिडा (JIDA) के निदेशक अमरदीप ने भी छात्रों को एंटरप्रेन्योरशिप और डिजिटल मीडिया के भविष्य से जुड़े गुरुमंत्र दिए। फेस्ट के दौरान करियर काउंसलर श्री अरुणेंद्र सोनी की टीम ने ऑन स्पॉट क्विज ऑर्गनाइज कराया। जिसमें स्टूडेंट्स ने पार्टिसिपेट किया। सही जवाब देने वाले स्टूडेंट्स को मौके पर ही गिफ्ट दिए गए।
वरिष्ठ पत्रकारों और शिक्षाविदों का रहा मार्गदर्शन
सत्र के दौरान वरिष्ठ संवाददाता शिवा अवस्थी ने मुख्यधारा की पत्रकारिता की बारीकियों और ग्राउंड रिपोर्टिंग के अनुभवों को छात्रों के साथ साझा किया। वहीं, जागरण डिग्री कॉलेज की डॉ. अस्मिता दुबे और जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की डॉ. दिव्या चौधरी ने मीडिया और मैनेजमेंट के बीच बढ़ते समन्वय पर अपने ज्ञानवर्धक विचार रखे।
विविध प्रतियोगिताओं में दिखा हुनर
इस मीडिया फेस्ट में कंटेंट राइटिंग, विजुअल स्टोरी टेलिंग, एडवरटाइजिंग कैंपेन जैसी कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कॉलेजों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को स्मृति चिह्न (Momento) देकर सम्मानित किया गया। फेस्ट का संचालन छात्रों की मीडिया टीम द्वारा बेहद कुशलतापूर्वक किया गया।

