KANPUR NEWS : महिलाओं के लिए सरसैयाघाट पर अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। मकर संक्रांति पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशासनिक अमले के साथ सरसैयाघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट की सीढ़ियों से स्नान स्थल तक के मार्ग को चौड़ा, साफ और पूरी तरह अतिक्रमण.मुक्त रखने का आदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि मार्ग के दोनों ओर किसी भी प्रकार का अस्थायी अतिक्रमण, तखत या भीड़ नहीं होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इस संबंध में सरसैयाघाट समिति को संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कूड़ा नियमित रूप से उठाकर डस्टबिन में डाला जाए
स्नान स्थल की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर सफाई कर्मियों की तैनाती और पालीवार ड्यूटी तय करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि घाट के किनारे और आसपास से पॉलीथीन व कूड़ा नियमित रूप से उठाकर डस्टबिन में डाला जाए और किसी भी स्थिति में गंगा नदी में गंदगी न जाने पाए। इसके लिए कर्मचारियों के नाम बोर्ड पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहां कि नदी में गहराई वाले स्थानों पर वहां लोहे के पाइप और रस्सी लगाकर संकेतक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे न बढ़ें। घाट के टीले की ओर मौजूद झाड़ियों और काई को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
जोनल स्वच्छता अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बीटवार सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा स्नान स्थल के पास लोहे की जालियां लगाकर पॉलीथीन व गंदगी एकत्र की जाए और समय.समय पर उसे खाली कराया जाए। जिलाधिकारी ने घाट पर संचालित शेल्टर होम की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और महिला.पुरुष शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, ADM CITY , नगर जोनल अधिकारीए अभियंता और स्वच्छता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

