KANPUR NEWS : ‘जॉनी जॉनी यस पापा..ईटिंग शुगर नो पापा…’ यह कविता झूठ बोलना सीखाती है जबकि हमारे संस्कार सच बोलने की शिक्षा देते हैं। मर्चेंट चैंबर हॉल में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, प्रदेश के प्रभारी और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय (Higher Education Minister Yogendra Upadhyay) शामिल हुए। उन्होंने पुरानी शिक्षा नीतियों पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आखिर यह बच्चों को क्या पढाना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने सपा पर तीखा हमले करते हुए कहा कि पहले सरकारी पैसे से सैफई में मुंबई से कलाकार बुलाकर कार्यक्रम कराए जाते थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार जनता के स्वास्थ्य, शिक्षा और समस्याओं के समाधान पर ध्यान दे रही है।
West Bengal News : Mamata Banerjee बोलीं -हम हारे नहीं, हराया गया, इस्तीफा नहीं दूंगी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं, जो विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और शिक्षकों व शिक्षामित्रों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों और राजनीतिक हालात पर टिप्पणी की। योगेंद्र उपाध्याय ने कहा- जो हिंदू हित और महिला हित की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों की यह हार है।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह उन लोगों की जीत है, जिन्होंने महिलाओं को अधिकार दिलाने की कोशिश की। वहीं, जो लोग महिलाओं का आरक्षण छीनना चाहते थे, उनकी हार हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहती थी, लेकिन विपक्ष ने इसमें बाधा डाली।
चयनित शिक्षामित्रों को डेमो चेक प्रदान किया
सम्मानित होने वालों में ककवन से दुष्यंत सिंह यादव, बिल्हौर से सुरेंद्र सिंह, भीतरगांव से रंजना, चौबेपुर से स्मृति मिश्रा, कल्याणपुर से बबिता कुरील, सरसौल से विनय, शिवराजपुर से रंजना मिश्र, पतारा से पूजा सिंह, बिधनू से हेमंत अवस्थी, घाटमपुर से सोनी भदौरिया तथा नगर क्षेत्र से त्रिभुवन और विवेक मिश्र शामिल रहे। सम्मानित शिक्षामित्रों ने इस पहल के लिए आभार जताते हुए आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील और सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, डीआईओएस संतोष राय, बीएसए सुरजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

