KANPUR WEATHER NEWS: कानपुर में लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलती नहीं दिख रही है। आज नमी बढ़ी तो बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। KANPUR WEATHER NEWS
दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच उमस ने लोगों को बेहाल किए रखा। हवा की रफ्तार बेहद कम रहने से वातावरण में नमी बनी रही और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। भीषण गर्मी के बीच दोपहर में सड़कों पर निकलने वाले लोग छांव तलाशते दिखाई दिए।
24 घंटे में 2.4 डिग्री गर्म हुई रात
मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। खास बात यह रही कि पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके चलते लोगों को रात में भी गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ा।
लू और उमस का दोहरा असर
दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। मौसम में नमी अधिक होने और हवा की गति कम रहने के कारण उमस का असर ज्यादा महसूस हुआ। शाम तक लू जैसे हालात बने रहे और लोगों को राहत नहीं मिल सकी। गर्मी के कारण सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में भी भीड़ अपेक्षाकृत कम रही।
हल्की बूंदाबांदी के संकेत, लेकिन राहत अभी दूर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अगले 24 घंटों में दिन के समय तेज धूप निकलने की संभावना है। रात में हल्के बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि वातावरण में नमी बनी रहने से उमस और गर्मी का असर फिलहाल जारी रहेगा। ऐसे में शहरवासियों को अभी कुछ दिन और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

