LUCKNOW NEWS : सभी पांच तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में तहसील बख्शी का तालाब (बीकेटी) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जनपद भर से कुल 445 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 87 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
KANPUR NEWS : क्या भू माफिया फ्री हो रहा जिला?
DM विशाख जी ने तहसील बख्शी का तालाब में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनीं। यहां कुल 131 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 37 प्रकरणों का निस्तारण विभिन्न विभागीय टीमों के माध्यम से मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी विशाख जी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी प्रकरणों का निस्तारण विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान अधिकतम एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निस्तारण किया जाए, उनकी आख्या फोटो और वीडियो के साथ प्रस्तुत की जाए। साथ ही निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर फीडबैक लेना भी सुनिश्चित करेंगे, ताकि समाधान की गुणवत्ता बनी रहे।
अन्य तहसीलों में भी सुनी गईं शिकायतें
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील सदर में प्राप्त 36 शिकायतों में से 4 का, मलिहाबाद में 52 में से 4 का, मोहनलालगंज में 133 में से 34 का तथा सरोजनीनगर में 93 में से 8 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा के साथ निर्देशित किया गया है।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामले रहे अधिक
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। कुल 262 प्रार्थना पत्र राजस्व, 57 पुलिस, 22 विकास, 10 समाज कल्याण, 6 नगर निगम, 2 स्वास्थ्य, 1 शिक्षा विभाग से जुड़े रहे, जबकि अन्य श्रेणी में 85 शिकायतें दर्ज की गईं।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी बीकेटी साहिल कुमार, तहसीलदार बीकेटी सहित पुलिस, समाज कल्याण और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

