Sonbhadra News : सोनभद्र की सदर तहसील (Sadar Tehsil) और एक ग्राम का नाम बदलने का प्रस्ताव मंडलायुक्त को भेजा गया है।
अब सदर तहसील ‘रॉबर्ट्सगंज’ (Robertsganj) के बजाय ‘सोनभद्र’ कहलाएगी, जबकि ग्राम टाड़के डौर उर्फ रॉबर्ट्सगंज का नाम केवल ‘ग्राम टाड़ के डौर’ होगा। यह कदम जनपद की ऐतिहासिक और भौगोलिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सदर विधायक भूपेश चौबे की पहल पर और शासन स्तर पर किए गए प्रयासों के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने इस संबंध में मंडलायुक्त को प्रस्ताव प्रेषित किया है।
DM चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद की पहचान को एकरूपता देने के लिए पहले भी कई नाम बदले जा चुके हैं। पूर्व में नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर नगर पालिका परिषद सोनभद्र किया गया था। इसी तरह, रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन का नाम भी ‘रॉबर्ट्सगंज’ से ‘सोनभद्र’ किया जा चुका है।
सदर तहसील और ग्राम टाड़के डौर उर्फ रॉबर्ट्सगंज के नाम परिवर्तन का यह मामला वर्ष 2022 से विभिन्न स्तरों पर विचाराधीन था। शासन की मंशा और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए, आवश्यक कार्रवाई के बाद अब यह प्रस्ताव मंडलायुक्त को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जनपद के नाम के अनुरूप तहसील और अन्य प्रमुख संस्थानों के नाम एक समान होने से प्रशासनिक पहचान में स्पष्टता आएगी। इससे जनसुविधाओं में भी सुधार होगा और सोनभद्र की विशिष्ट पहचान को और अधिक मजबूती मिलेगी।

