Uttar Pradesh News : गोरखपुर के नौका विहार रामगढ़ ताल में रविवार रात करीब 9:30 बजे दो बोट आपस में टकरा गईं।
उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 8 घायल है। पांच घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 भर्ती हैं। मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा के पीपरा गांव निवासी लखमुद्दीन (21) के रूप हुई है। Gorakhpur news
घायल कयामुद्दीन अंसारी (25) कुशीनगर जिले के कप्तानगंज में अजीज नगर के रहने वाले हैं। दोनों दोस्त परिवार के साथ कुशीनगर से घूमने आए थे। घटना स्पीट बोटिंग के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार, बोट पर 8 लोग बैठे थे। बोट प्लेटफॉर्म से झील की ओर जा रही थी। तभी दूसरी बोट सवारी लेकर प्लेटफॉर्म पर लौट रही थी। इसी बीच दोनों बोट की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे जाने वाली बोट बेकाबू होकर पलट गई।
बोट पलटते ही उसमें बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग पानी में गिरकर डूबने लगे।मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और नौका विहार चौकी इंचार्ज ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। सभी लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लखमुद्दीन, कयामुद्दीन अंसारी और एक बच्चे हमजा, एक युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

