सेब एक ऐसा फल भी है, जो हर मौसम में उपलब्ध होता है। आपको बाज़ार में कई तरह के सेब (apple) मिल जाएंगे। आमतौर पर लोग लाल सेब ही खाना पसंद करते हैं, लेकिन हरा सेब भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। हरा सेब विटामिन-सी से भरपूर होता है। इसके अलावा इसमें आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम, एंटीऑक्सिडेंट्स और फ्लेवोनॉयड्स भी मौजूद होता है।
टाइप-2 डायबिटीज़ में लाभदायक
अगर आप डायबिटीज़ (diabetes) के रोगी हैं, तो आपको हरे सेब ज़रूर खाने चाहिए। हरे सेब में लाल सेब की तुलना में चीनी की मात्रा कम होती है और फाइबर कहीं ज़्यादा होता है। खासतौर पर हरा सेब टाइप-2 डायबिटीज़ के ख़तरे को कम करने के लिए जाना जाता है।
फेफड़ों के लिए लाभदायक
एक शोध में देखा गया है कि नियमित रूप से हरा सेब खाने से अस्थमा का ख़तरा कम हो सकता है। इसके पीछे है हरे सेब में पाया जाने वाला तत्व ‘फ्लेवोनोइड्स’। शोधकर्ताओं का दावा है कि फ्लेवोनॉयड्स अस्थमा के जोखिम को काफी कम कर सकता है।
पाचन में करता है सुधार
हरे सेब में पेक्टिन नाम का एक तत्व होता है, जो आंत में स्वस्थ बैक्टीरिया के विकास में मदद करता है और बढ़ावा भी देता है। इसमें मौजूद हाई फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है। इसे अपनी डाइट में शामिल करने कब्ज़ की शिकायत नहीं होती।
आंखों की सेहत के लिए ज़रूरी
पिछले कुछ सालों में टीवी, लैपटॉप और मोबाइल के इस्तेमाल से लोगों को आंखों से जुड़ी दिक्कते आना आम हो गया है। आंखों के कमज़ोर होने से लेकर ड्राइनेस तक, लोग कई तरह की दिक्कतों से जूझ रहे हैं। अगर आपका भी स्क्रीन-टाइम बढ़ गया है तो आपको अपनी डाइट में हरा सेब ज़रूर शामिल करना चाहिए। इसमें मौजूद विटामिन-ए आपकी आंखों की रोशनी के लिए अच्छा साबित होगा।
हड्डियों को देता है मज़बूती
हरे सेब में पोटैशियम, विटामिन-के और कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि विटामिन-के महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में मदद करता है और उनकी हड्डियों को मज़बूत बनाता है।
रखेगा जवां
हरा सेब सिर्फ शरीर ही नहीं बल्कि त्वचा के लिए भी लाभदायक होता है। इसमें मौजूद विटामिन-सी, विटामिन-ए और एंटीऑक्सिडेंट का एक अच्छा स्रोत होते हैं. ऐसे में ये त्वचा की उम्र बढ़ने के संकेतों से लड़ने में मदद करता है और आपकी त्वचा को स्वस्थ बनाए रखता है।

