Uttar Pradesh News: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लखनऊ में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में घाटमपुर के ERO अबिचल प्रताप सिंह को कानपुर मंडल के सर्वश्रेष्ठ मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के रूप में सम्मानित किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 18 मंडलों से एक-एक सर्वश्रेष्ठ ईआरओ को चयनित कर सम्मानित किया गया।
घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ का चयन विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान किए गए प्रभावी पर्यवेक्षण, मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने, दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण और बूथ स्तर तक सतत निगरानी के आधार पर किया गया। एसआईआर के अंतर्गत अनमैप्ड मतदाताओं के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटि सुधार जैसे कार्यों में घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
इस उपलब्धि पर DM JP Singh ने ईआरओ घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि SIR जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किया गया यह कार्य अन्य ईआरओ के लिए भी अनुकरणीय है। DM ने उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना भी की।

