Kanpur News : शहर के आईएमए समेत पांच ब्लड बैंकों में काफी अनियमिताएं मिली हैं।
इन ब्लड बैंकों में रिकार्ड समेत रखरखाव भी ठीक नहीं था। इसलिए सभी ब्लड बैंकों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इन्हें बंद कराने के साथ ही 15 दिन का समय दिया गया है कि वे अपनी व्यवस्थाएं सुधार लें।
ड्रग इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह ने बताया कि पांच ब्लड बैंकों का लाइसेंस निलंबित किया गया है। 15 दिन तक इनमें ब्लड बैंक का कोई भी काम नहीं होगा। सभी में ब्लड टेस्टिंग का रिकार्ड ठीक नहीं था। इनको नोटिस देकर कमियां दूर करने को कहा गया है।
खाद्य आयुक्त की ओर से ब्लड बैंकों की जांच के लिए एक टीम बनाई गई थी। जिसने मार्च के आखिरी हफ्ते में शहर के ब्लड बैंकों में छापेमारी की थी।
औषधि विभाग के औषधि निरीक्षक ओमपाल के मुताबिक अप्रैल माह में विशेष जांच अभियान का संचालन कर 35 ब्लड बैंकों की जांच की गई, इनमे आठ सरकारी और 27 निजी श्रेणी के ब्लड बैंक शामिल थे। जांच में आईएमए ब्लड बैंक परेड, स्वास्तिक, मायांजलि ब्लड बैंक सिविल लाइंस, वाडा ब्लड बैंक मसवानपुर और पुष्पांजलि ब्लड बैंक नौबस्ता के दस्तावेज, स्टोरेज व्यवस्था, स्वच्छता और संचालन संबंधी मानकों का गहनता से निरीक्षण किया गया। जांच में इन ब्लड बैंकों में अनियमितताएं सामने आने पर तत्काल प्रभाव से इन चारों ब्लड बैंकों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था।
लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी बुधवार को आईएमए का ब्लड बैंक संचालित होता मिला। जब इसकी जानकारी औषधि विभाग के इंस्पेक्टर को हुई तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई की और मौके पर ब्लड बैंक को बंद कराया।
औषधि निरीक्षक ओमपाल के मुताबिक शासन के निर्देश पर जिले में संचालित सभी ब्लड बैंकों की जांच के लिए अभियान का संचालन जारी रहेगा। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधितों पर नियामानुसार कार्रवाई तय की जाएगी। इसके अलावा बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे मेडिकल स्टोरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

