KANPUR NEWS : प्रीपेड स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण करते हुए नियमानुसार उन्हें पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित करने की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित की जाए।
जनपद के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय (Minister Yogendra Upadhyay) ने बुधवार को सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में बिजली व्यवस्था, कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और प्रमुख विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी भी दी गई।
KANPUR NEWS : ‘जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला : तहसीलदार
उन्होंने कहा कि गर्मियों में जनता को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलनी चाहिए। खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने केस्को की केंद्रीकृत व्यवस्था के स्थान पर सभी विद्युत उपकेंद्रों पर शिकायत निस्तारण केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राहत मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों की औसत ओपीडी देखी जाए जिससे पता चल सके कि कौन सा डॉक्टर काम कर रहा है और कौन सा नहीं। सरकारी डॉक्टर किसी भी दशा में अपना निजी अस्पताल संचालित ना करें। यदि ऐसा प्रकरण संज्ञान में आएगा तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए गर्ल्स कॉलेज, छात्रावास और अन्य संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एंटी रोमियो स्क्वायड को अधिक सक्रियता से कार्य करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही वर्ष 2025 से पूर्व लंबित मामलों की विवेचना शीघ्र पूरी करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। प्रभारी मंत्री ने ड्रोन संचालकों का भी सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाए।
नगर विकास कार्यों की समीक्षा में मैनावती मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाएं गुणवत्ता एवं तय समय सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि कानपुर महानगर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं शहरी केंद्रों में शामिल है और कई क्षेत्रों में जनपद ने बेहतर कार्य किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

