UTTAR PRADESH NEWS : मथुरा में पुलिस ने गीता ज्ञान के नाम पर युवतियों को नशीला पदार्थ खिलाकर यौन शोषण के आरोप में एक आईआईटीयन साधु वेश धारी बाबा को गिरफ्तार किया है। गोवर्धन के राधाकुंड क्षेत्र में गत दिनों उसने छत्तीसगढ़ की युवती से रेप का प्रयास किया। Mathura NEWS
इसका मुकदमा दर्ज होने पर पुलिस ने उसके यहां से दो युवतियों को मुक्त करा उनके घरवालों को सौंप दिया है। वह गोवर्धन क्षेत्र के राधाकुंड इलाके में रहता था और ऑनलाइन गीता ज्ञान देने के बहाने पढ़ी-लिखी लड़कियों को फंसाता था।
इसके बाद वह प्रसाद के नाम पर दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर लड़कियों को देता था और उनका यौन शोषण करता था। इस मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ की रहने वाली B.Sc. नर्सिंग की एक छात्रा ने की है जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बाबा को पकड़ लिया।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान भी दर्ज करा दिए हैं।
आरोपी बाबा का असली नाम अभिषेक मिश्रा है। उसे ‘आदिकर्ता नारायण दास’ के नाम से भी जाना जाता है। वह मूल रूप से उड़ीसा के फोरदा का रहने वाला है और उसके माता-पिता भुवनेश्वर में रहते हैं। अभिषेक ने अपनी पढ़ाई आईआईटी रुड़की से बीटेक कि है और वह पिछले कुछ सालों से राधाकुंड इलाके में आकर रहने लगा था।
अभिषेक मिश्रा अपनी पढ़ाई-लिखाई का फायदा उठाकर पढ़े-लिखे युवाओं को निशाना बनाता था। वह ऑनलाइन के जरिए श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान देता था। उसकी बातों में आकर लगभग 24 युवक-युवतियां उसके आश्रम में आकर रहने लगे थे। आरोपी बाबा इन सभी का पूरी तरह से ब्रेनवाश कर देता था ताकि कोई उसका विरोध न कर सके।
पीड़िता के साथ वारदात
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता 15 मई को मथुरा में इंटर्नशिप कर रही अपनी बड़ी बहन से मिलने आई थी। दोनों बहनों का जन्मदिन 17 मई को था जिसे वह साथ मनाना चाहती थीं। पीड़िता की बहन राधाकुंड में किराए के कमरे पर रहती थी और वह अभिषेक मिश्रा की कीर्तन मंडली में भजन गाने जाती थी। 15 मई की रात को जब पीड़िता कमरे पर थी तब अभिषेक वहां आया और उसे दूध देते हुए कहा कि यह भगवान का प्रसाद है।
पीड़िता ने कहा कि उसे दूध से एलर्जी है लेकिन अभिषेक ने जबरदस्ती उसे दूध पिला दिया। दूध पीने के एक घंटे बाद पीड़िता बेहोश हो गई। अगली सुबह जब वह उठी तो उसके पेट में तेज दर्द था। 16 मई की सुबह अभिषेक फिर कमरे पर आया और अश्लील हरकतें करने लगा। जब पीड़िता चिल्लाने लगी तो वह उसके माता-पिता और बहन को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
पीड़िता के बयान भी दर्ज करा दिए
डरी हुई पीड़िता तुरंत ट्रेन का टिकट कराकर छत्तीसगढ़ अपने घर लौट गई और मां को पूरी बात बताई। इसके बाद भी आरोपी अभिषेक अलग-अलग नंबरों से फोन करके धमकी देने लगा कि उसके पास पीड़िता का नहाते समय का वीडियो है जिसे वह इंटरनेट पर वायरल कर देगा। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।
दो दूसरी लड़कियां भी मिलीं
पुलिस ने सोमवार शाम को कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त वहां दो दूसरी लड़कियां भी मिलीं जिनमें से एक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की और दूसरी मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली थी। इन लड़कियों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी जिसके बाद पुलिस ने परिजनों की सहमति से दोनों लड़कियों को आगरा के नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया है।

