PM Modi Kanpur Visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी सात जुलाई को निराला नगर रेलवे मैदान में जनसभा को संबोधित करने के लिए आ सकते हैं। संभावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और हेलीपैड की व्यवस्था को अंतिम रूपरेखा तैयार करने का काम शुरू हो गया है। ADM CITY आलोक कुमार गुप्ता ने निराला नगर रेलवे मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जनसभा स्थल पर जर्मन हैंगर के माध्यम से विशाल पंडाल बनाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मंच साझा कर सकती हैं।
पांच हेलीपैड की तैयारी
प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पांच हेलीपैड बनाने की तैयारी चल रही है। पुलिस-प्रशासन ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, वीवीआईपी मूवमेंट और आम लोगों की आवाजाही के लिए अलग-अलग योजना तैयार कर रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे।
शहर को कई विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री जनसभा के दौरान शहर और प्रदेश के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इनमें कानपुर और लखनऊ को जोड़ने वाले नए एक्सप्रेसवे का शुभारंभ होगा, जिसकी कुल लागत लगभग 4,700 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही ट्रांसगंगा सिटी पुल 753 करोड़,सरैया क्रासिंग ओवरब्रिज लगभग 150 करोड़ रुपये, 1115 करोड़ रुपये से बनने जा रहे अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक आधारशिला, 753 करोड़ रुपये से बनने जा रहे ट्रांसगंगा सिटी पुल परियोजना का शिलान्यास, नौबस्ता मेट्रो रूट का शुभारंभ करेंगे। हालांकि अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।
प्रशासन की ओर से रेलवे अधिकारियों को भी मौखिक रूप से निर्देश दिए गए हैं कि सात जुलाई तक निराला नगर रेलवे मैदान किसी अन्य संस्था या आयोजन के लिए आवंटित न किया जाए, ताकि कार्यक्रम की तैयारियों में कोई व्यवधान न आए।

