KANPUR NEWS: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह (DM Jitendra Pratap Singh) ने शुक्रवार को चौबेपुर के ग्राम मरियानी स्थित ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय संस्थान में एग्री जंक्शन और ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित मिले। KANPUR NEWS
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित तथा बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित इस संस्थान में अब तक 10,578 युवक एवं महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से 7,431 प्रशिक्षणार्थी नौकरी अथवा स्वरोजगार से जुड़े हैं, जबकि 3,059 लोगों ने बैंक ऋण प्राप्त कर अपना उद्यम आगे बढ़ाया है। यहां कानपुर नगर के साथ ही पड़ोसी जनपदों से भी युवक-युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त करने आते हैं।
संस्थान में विभिन्न अवधियों के 34 प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इनमें मधुमक्खी पालन, डेयरी, बकरी पालन, सूकर पालन, मुर्गी पालन, भेड़ पालन, सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन, बैंक मित्र, ब्यूटी पार्लर, सहायक लेखाकार, फास्ट फूड स्टॉल, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, सॉफ्ट टॉय निर्माण, बांस एवं बेंत शिल्प, मोमबत्ती निर्माण, क्रिएटिव ज्वेलरी, अगरबत्ती निर्माण, जूट उत्पाद, सिलाई, पापड़-अचार एवं मसाला निर्माण, पेपर कवर एवं फाइल निर्माण, वस्त्र चित्रकला, मशरूम उत्पादन तथा रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग सहित अन्य पाठ्यक्रम शामिल हैं। पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण की अवधि आठ से 38 दिन तक निर्धारित है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 18 से 45 वर्ष तक के बेरोजगार युवक एवं युवतियां आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में अधिकतम 35 सीटें उपलब्ध हैं तथा प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र, राशन कार्ड अथवा मनरेगा कार्ड और बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं।
संस्थान में प्रशिक्षण, आवास और भोजन की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी कौशल के साथ व्यक्तित्व विकास, मार्केट सर्वे, बिजनेस प्लान एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाती है। प्रशिक्षण के बाद इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को उद्यम स्थापित करने तथा बैंक ऋण प्राप्त करने में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ने में यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रशिक्षण को बाजार की मांग से जोड़ते हुए युवाओं को इस योग्य बनाया जाए कि वे पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद आत्मविश्वास के साथ अपना रोजगार शुरू कर सकें।
संवाद के दौरान ब्यूटी पार्लर पाठ्यक्रम की प्रशिक्षणार्थियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रैक्टिकल लैब की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने इसे प्रशिक्षण की गुणवत्ता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं से युक्त प्रैक्टिकल लैब तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ पर्याप्त व्यावहारिक अभ्यास भी आवश्यक है।
इच्छुक अभ्यर्थी ग्राम मरियानी, पोस्ट चौबेपुर स्थित संस्थान में जाकर अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण एवं आवेदन से संबंधित जानकारी के लिए संस्थान के दूरभाष नंबर 8887500801 और 9616079125 पर संपर्क किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) आदित्य चंद्रा और केंद्र के निदेशक रवि रंजन कुमार मौजूद रहे।

