UP T20 Match News : कानपुर के GREEN PARK GROUND में खेल जा रहे यूपी टी 20 लीग 2026 के 27वें मुकाबले में नोएडा किंग्स ने मेरठ मावेरिक्स को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस रोमांचक मैच में मिली जीत से नोएडा ने न केवल एलिमिनेटर का टिकट हासिल किया, बल्कि टेबल-टॉपर मेरठ मावेरिक्स को इस सीजन की पहली हार का स्वाद भी चखाया।
UPCA का Action, 3 खिलाड़ियो पर गिरी गाज
मौसम के खराब मिजाज के कारण मैच में कई रुकावटें आईं। शुरुआत में मुकाबला 15-15 ओवर का तय किया गया, जहां मेरठ मावेरिक्स के कप्तान दिव्यांश जोशी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, अभी दो गेंदें ही फेंकी गई थीं और स्कोर बोर्ड पर 5 रन ही जुड़े थे कि तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। ग्राउंड स्टाफ की कड़ी मेहनत के बाद मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया।
दोबारा खेल शुरू होने पर स्वस्तिक चिकारा ने मेरठ को तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन प्रशांत वीर की गेंद पर विकेटकीपर आदित्य शर्मा ने उन्हें 14 रन (9 गेंद) के निजी स्कोर पर स्टंप आउट कर दिया।
इसके बाद का पूरा खेल नोएडा के गेंदबाज शिवा सिंह के नाम रहा। शिवा ने अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचाते हुए दो ओवरों में विभाजित (2.5, 2.6 और 4.1 ओवर की गेंदों पर) एक शानदार हैट्रिक ली। उन्होंने 5 रन देकर 6 विकेट हासिल किए और मेरठ के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया।
शिवा सिंह यूपी टी20 लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले कार्तिक त्यागी के बाद दूसरे गेंदबाज बन गए हैं, जबकि मौजूदा सीजन की यह पहली हैट्रिक है। इस बेहतरीन गेंदबाजी के सामने मेरठ की टीम निर्धारित 5 ओवरों में 7 विकेट खोकर केवल 33 रन ही बना सकी।
डीएलएस (DLS) पद्धति के तहत नोएडा किंग्स को जीत के लिए 35 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक पहले ही ओवर में आरुष गोयल का शिकार बन गए।
इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रवि सिंह ने मैच का पासा नोएडा के पक्ष में पलट दिया। रवि ने महज 6 गेंदों पर 17 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें दूसरे ओवर में नदीम की गेंदों पर लगातार दो छक्के शामिल थे।
नदीम ने वापसी करते हुए अगली चार गेंदों में तीन विकेट झटके और मैच में रोमांच भर दिया। इसके बाद चौथे ओवर में अंश द्विवेदी ने पहली पारी के हीरो रहे शिवा सिंह को आउट किया। लगातार गिरते विकटों के बावजूद लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था, जिसे नोएडा किंग्स ने 3.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ नोएडा किंग्स ने अपने लीग चरण का अंत 10 मैचों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ किया। वे मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फैल्कंस के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी टीम बन गए हैं और अब एलिमिनेटर मुकाबले में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

