KANPUR NEWS: डिफेन्स इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (Defence Corridor) परियोजना के कानपुर नोड के दूसरे चरण के लिए तहसील नरवल के महराजपुर, हाथीपुर और फुफवार सुईथोक में कुल 113.5752 हेक्टेयर निजी भूमि आपसी सहमति से खरीदी जाएगी।
भूमि एवं उस पर स्थित परिसम्पत्तियों का कुल मूल्य 394 करोड़ 39 लाख 73 हजार 934 रुपये निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला (मध्यम एवं वृहद परियोजना) क्रय की दर तथा कुल भूमि मूल्य अनुमोदन समिति की 14 जुलाई को हुई बैठक में भूमि की दर एवं कुल मूल्य की संस्तुति की गई थी। आयुक्त, कानपुर मंडल से कार्यवृत्त के अनुमोदन के बाद निर्धारित दर एवं कुल भूमि मूल्य पर यथावत सहमति प्रदान कर दी गई है। अनुमोदित दर के आधार पर भूमि क्रय की नियमानुसार कार्रवाई अतिशीघ्र पूरी की जाएगी।
परियोजना के लिए महराजपुर में 65.0940 हेक्टेयर, फुफवार सुईथोक में 36.6812 हेक्टेयर और हाथीपुर में 11.8000 हेक्टेयर निजी भूमि खरीदी जानी है। भूमि का मूल्यांकन डीएम सर्किल रेट की चार गुनी दर के आधार पर किया गया है। कुल भूमि का मूल्य 392 करोड़ 5 लाख 44 हजार 480 रुपये तथा उस पर स्थित परिसम्पत्तियों का मूल्य 2 करोड़ 34 लाख 29 हजार 454 रुपये आंका गया है।
ग्रामवार देखें तो भूमि एवं परिसम्पत्तियों के लिए महराजपुर में 249 करोड़ 99 लाख 68 हजार 938 रुपये, फुफवार सुईथोक में 102 करोड़ 31 लाख 85 हजार 576 रुपये और हाथीपुर में 42 करोड़ 8 लाख 19 हजार 420 रुपये देय होंगे।
आलाधिकारी फिर फेल, ओवरऑल रैंक में कानपुर 66वें स्थान पर
इसके अतिरिक्त कुल मूल्यांकित धनराशि पर 7 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क के रूप में 27 करोड़ 60 लाख 78 हजार 175 रुपये तथा एक प्रतिशत निबंधन शुल्क के रूप में 3 करोड़ 94 लाख 39 हजार 739 रुपये यूपीडा द्वारा अलग से देय होगा। भूमि की खरीद शासनादेश में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आपसी सहमति से की जाएगी।

