KANPUR NEWS: गली में सड़क किनारे बन रहे समोसे, किचन में गंदगी, 650 खराब अंडे की एग करी; खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की टीम ने तीन स्थानों पर छापा मारा तो सफाई और शुद्धता की पोल खुल गई।
एसीएम षष्टम मनीष कुमार यादव को एसडीएम बिल्हौर का कार्यभार
टीम ने रेल बाजार क्षेत्र के दो प्रतिष्ठानों और 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का निरीक्षण किया। तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने संग्रहित। खामियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। वहीं 650 खराब अंडों के साथ एग करी, पैक्ड प्लेट और 418 तैयार समोसे नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि छापे में मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ बनता नहीं मिला। किचन में गंदगी, खराब अंडे मिले, स्वच्छता के मानकों का पालन करना अनिवार्य है। आगे भी छापेमार अभियान चलता रहेगा।
सड़क किनारे ही समोसे बनते मिले
फेथफुलगंज, रेल बाजार स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर, 138 फेथफुलगंज के निरीक्षण में प्रतिष्ठान के मुख्य प्रवेश द्वार पर गली में सड़क किनारे ही समोसे बनते मिले। निर्माण स्थल का फर्श टूटा था और उसमें पानी भरा हुआ था। दीवारों की जगह लगी टिन पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमा थी। प्रदूषण की रोकथाम के लिए एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था भी नहीं मिली। निर्माण स्थल की हाइजीन की स्थिति अत्यधिक खराब पाई गई।
प्रतिष्ठान संचालक पेस्ट कंट्रोल और किचन की सफाई से संबंधित कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य निर्माण में लगे व्यक्तियों के स्वास्थ्य संबंधी प्रमाणपत्र व दस्तावेज भी मौके पर नहीं मिले। खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर पहने हुए नहीं थे। गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने खुला मैदा, पिसी लाल मिर्च, नमक, समोसा निर्माण के लिए तैयार सब्जी, सोयाबीन, खुला रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के कुल सात नमूने संग्रहित किए। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अनुरूप नहीं मिलने पर खाद्य कारोबार स्थगित कर दिया गया। नमूने लेने के बाद अस्वच्छकर परिस्थितियों को देखते हुए बिक्री एवं मानव उपभोग के लिए रखे करीब 218 तैयार समोसे खाद्य कारोबारकर्ता से मौके पर ही नष्ट कराए गए।
40 किलो एग करी नष्ट कराई
टीम ने 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का भी निरीक्षण किया। यहां से पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने संग्रहित किए गए। किचन की अस्वच्छकर स्थिति को देखते हुए खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। खाद्य कारोबारकर्ता को निर्देश दिया गया कि प्रतिष्ठान की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कराने के बाद विभाग को सूचित करें और उसके बाद ही खाद्य कारोबार शुरू करें।
कार्रवाई के दौरान क्लाउड किचन में करीब 40 किलो एग करी, जिसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपये थी, नष्ट कराई गई। इसके अलावा करीब 6,500 रुपये कीमत के 650 खराब अंडे भी नष्ट कराए गए। अस्वच्छकर परिस्थितियों में तैयार एग करी और चावल की 250 पैक्ड प्लेट, जिनकी अनुमानित कीमत 12,500 रुपये थी, भी नष्ट कराई गईं।
किचन में भी गंदगी
रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी गंदगी और अस्वच्छकर परिस्थितियां मिलीं। यहां से समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने संग्रहित किए गए। मौके पर तैयार 200 समोसे, जिनकी अनुमानित कीमत दो हजार रुपये थी, नष्ट कराए गए। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई।

