KANPUR NEWS : शहर में लखनऊ से आई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक साथ 60 होटल और रेस्त्रां में छापेमारी करके जांच की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में ऐसी गंभीर कमियां मिलीं, जो सीधे ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़ी हैं।
नामचीन होटल व रेस्टोरेंट के किचन में एक्सपायर वेज व नॉनवेज खाद्य पदार्थों का उपयोग करके खाना बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं एक साथ वेज और नानवेज खाद्य पदार्थों को रखा गया था। किचन की नालियां गंदगी और पानी इकट्ठा मिला। पांच होटल व रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित कर सुधार न होने तक बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं ठीक चार दिन पर 21 सितंबर को शहर के अलग-अलग माल के 52 रेस्त्रां में छापेमारी करके 10 को बंद कराने की कार्रवाई हो चुकी है।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पांच होटल व रेस्टोरेंट में जांच हुई है। कमियां मिलने पर सभी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
लखनऊ से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरूवार शाम से शुक्रवार दोपहर तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच की। टीमों ने ज्यादातर बड़े होटलों के किचेन और वहां रखीं खाद्य सामग्री की जांच की। माल रोड स्थित काके की हट्टी रेस्टोरेंट में जांच के दौरान एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के प्रयोग किया जा रहा था। परिसर में स्वच्छता और सैनिटरी व्यवस्था बेहद खराब मिली। कीटों की मौजूदगी के साथ ही गंदे पानी का जमाव भी मिला। सबसे गंभीर बात यह रही कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में रखे मिले। टीम ने जांच के बाद लाईसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।
हर्ष नगर स्थित एक होटल में एक्सपायरी वेज और नानवेज खाद्य सामग्री का भंडारण मिला। जांच में इन खाद्य पदार्थों को ग्राहकों को परोसे जाने की पुष्टि हुई। सर्विंग एरिया की स्वच्छता खराब मिली। निरीक्षण के दौरान टीम के साथ सहयोग नहीं करने की बात भी सामने आई। जिसके बाद किचेन को सील करने के साथ ही लाईसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
कल्याणपुर आवास विकास स्थित द डाइनिंग हाउस में स्वच्छता की स्थिति खराब मिली। वेज और नानवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं थी। फ्रीजर की सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। विभाग ने सुधार सूचना जारी कर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
सिविल लाइंस स्थित लिटिल शेफ में खाद्य पदार्थों के रखरखाव और अलग-अलग भंडारण की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। हाइजीन और सैनिटरी व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। टीम ने प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
अल समीम फूड कोर्ट में खुले में मिला कच्चा मांस
जाजमऊ स्थित अल समीम फूड कोर्ट में जांच के दौरान कच्चा मांस खुले में रखा मिला। फ्रीजर में वेज और नानवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब थी और कच्चे मांस के रखरखाव की स्थिति असंतोषजनक मिली। विभाग ने सुधार सूचना के साथ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।

