BREAKING NEWS : कानपुर में ट्रेन हादसा हुआ है। जनसाधारण एक्सप्रेस (Jansadharan Express) की दो बोगी भाऊपुर (पनकी) में पटरी से उतर गई। ट्रेन मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही थी।
जो बोगियां डिरेल हुईं हैं, वो जनरल थीं। अचानक ट्रेन को झटका लगने के बाद पीछे की बोगियां एक तरफ टेढ़ी होने लगीं, इसके बाद यात्री ट्रेन से कूदने लगे। चीख-पुकार मच गई। लोग एक दूसरे की मदद करने के लिए दौड़ते हुए दिखे। महिलाओं को बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। Jansadharan Express derailed
DRM समेत रेलवे के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। एक समिति का गठन किया गया है, जो हादसे की वजह का पता करेगी। आधिकारिक रूप से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया, ट्रेन संख्या 15269 साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने निर्धारित समय 12:50 बजे के स्थान पर देर से 3:07 बजे सेंट्रल स्टेशन आई। यहां निर्धारित ठहराव के बाद निकली। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पनकी धाम रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ने पर भाऊपुर स्टेशन के आउटर के पास ही 4:12 बजे ट्रेन के इंजन से पांचवां व छठवां कोच बेपटरी हो गया।
झटके से ट्रेन के रुकते ही यात्री कूद गए
मुजफ्फरपुर जंक्शन से अहमदाबाद के साबरमती बीजी जंक्शन जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच भाऊपुर स्टेशन यार्ड के लूप लाइन लाइन नंबर 4 के पास बेपटरी हो गए। हादसे के समय ट्रेन की गति धीमी होने से कोई हताहत नहीं हुआ। Jansadharan Express derailed
तेज आवाज के साथ इंजन साइड से 5वें और 6वें कोच के पहिये नीचे उतरते ही यात्रियों में हलचल मच गई। यात्री ट्रेन से नीचे कूद पड़े। आसपास के तमाम लोग पहुंच गए। रेलवे मेडिकल वैन को भेजा गया, लेकिन किसी के हताहत या चोट नहीं आने की सूचना पर उसे पनकी में ही रोक दिया गया। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भेजा गया है।
ट्रैक ब्लॉक हुआ, ट्रेनों को रोका गया
इस हादसे की वजह से दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक ब्लॉक हो गया है। पीछे से आने वाली ट्रेनों को रोका गया है। इनकी निर्धारित संख्या रेलवे की तरफ से जारी नहीं की गई है। रेलवे के अधिकारियों ने जांच टीम का गठन किया है, जो हादसे की वजह का पता लगा रही है।
रेलवे ने हेल्प लाइन नंबर जारी किए हैं-
प्रयागराज
0532 – 2408128
0532 -2407353
0532 -2408149
कानपुर
0512 – 2323015/3016/3018
टुंडला
7392959712

