FSDA Raids in Kanpur : ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरे जिलों की 38 टीमों ने शहर के 52 फूड यूनिट और रेस्टोरेंट की जांच की। आलम यह रहा कि इसकी भनक आलाधिकारियों तक को नहीं रही। यहां कहीं किचन में कीड़े मिले तो कहीं एक्सपायर्ड सॉस और खराब पनीर।
कई जगह वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही बर्तनों में तैयार किए जा रहे थे। गंभीर गंदगी और स्वच्छता मानकों की अनदेखी मिलने पर 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद करा दिए गए। वहीं जेड स्क्वायर मॉल स्थित ला पीनोज पिज्जा में वेज और नॉनवेज के लिए एक ही बर्तन प्रयोग करते मिले। जिसमें दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है। Kanpur News
मिलावटखोरों की पोल खोलने के लिए दूसरे जिलों की टीमों की जांच के लिए लगाया गया। अभियान के तहत विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों के साथ किचन हाइजीन, सैनिटेशन, पेस्ट कंट्रोल, ड्रेनेज, फूड स्टोरेज, कच्चे माल की गुणवत्ता, वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक्करण और फूड लेबलिंग की भी जांच कर रही हैं।
सोमवार को टीम अचानक शहर पहुंची। टीम रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में जांच करने पहुंची तो बहुत खराब हाइजीन और सैनिटरी कंडीशन मिली। किचन की दीवारे गंदगी से पटी पड़ी थीं। खाद्य सामग्री फर्श पर रखी मिली थी जिसमें मक्खियां लग रहीं थीं।
जिसको देखते हुए टीम ने फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद करा दिया।
खाद्य पदार्थ में कीड़े घूमते मिले
दूसरी टीम ने जेड स्क्वायर मॉल स्थित ला पीनोज पिज्जा में जांच की तो खाद्य पदार्थ में कीड़े घूमते मिले। कीचन में एक्सपायर्ड सॉस और चटनी भी मिलीं। सबसे बड़ी बात की वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पनीर की गुणवत्ता बहुत खराब मिली।
विभाग ने लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है। इसी तरह स्वरूप नगर के वेलफेल सैम/केशव राज एंड संस में प्रोपराइटरी खाद्य पदार्थ पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और इंग्रेडिएंट्स का विवरण ही नहीं मिला। उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
स्क्वायर मॉल में एक ही बर्तन में वेज-नॉनवेज
जेड स्क्वायर मॉल स्थित नाई हाऊ प्रतिष्ठान में नाली चोक मिली। किचन में चारो तरफ गंदगी फैली मिली। वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के इस्तेमाल करते मिले। विभाग ने सुधार होने तक कारोबार बंद कराया। वहीं मॉल स्थित बिरयानी क्वीन में आटे में कीड़े मिले। निर्माण स्थल पर अत्यधिक गंदगी थी। खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल करने के साथ उसमें गंदगी भी मिली। टीम ने आवश्यक कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
ग्लोबल बेकर्स में किचन गंदा, वेज-नॉनवेज साथ बन रहा
टीम ने हरबंस मोहाल स्थित ग्लोबल बेकर्स एंड कैफे में साफ-सफाई बहुंत ही खराब मिली। वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ बनाए जा रहे थे। पानी निकासी की खराब व्यवस्था के साथ किचन प्लेटफार्म भी बेहद गंदे मिले। सुधार होने तक कारोबार बंद कराया गया। एम ब्लॉक किदवई नगर के स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट में किचन की हालत बेहद खराब मिली। प्रतिष्ठान खुले नाले के पास संचालित हो रहा था और किचन में दुर्गंध थी। स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।

