GORAKHPUR NEWS : गोरखपुर में लगातार बढ़ रही ठंड, घना कोहरा और गिरते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बड़ा फैसला लिया है। छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 8 और 9 जनवरी को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अत्यधिक शीतलहर चल रही है। इसके साथ ही सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह रहा है, जिससे बच्चों के स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यह आदेश जिले के अंतर्गत संचालित सभी बोर्डों: जैसे यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्डों पर लागू होगा। कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में 8 और 9 जनवरी को अवकाश रहेगा।
स्कूल खुले मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि अवकाश के दौरान यदि कोई स्कूल खुला पाया गया, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिया गया है कि बच्चों को स्कूल आने के लिए किसी भी तरह से बाध्य न किया जाए। प्रशासन ने बताया कि 9 जनवरी के बाद स्कूलों को दोबारा खोलने का निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा। यदि ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहती है, तो आगे भी अवकाश बढ़ाया जा सकता है।

