INDIA WEATHER NEWS : हिमालय में लगातार हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। यूपी के 68 जिलों में घना कोहरा छाया है।
इसके चलते 10 मीटर तक देखना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के 31 शहरों पारा 5º से 8º के बीच रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल प्रदेश में 30 दिसंबर के बाद बर्फबारी हो सकती है। न्यू ईयर से पहले वहां वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के चलते चेतावनी जारी की गई है। Jharkhand के मैक्लुस्कीगंज में पारा 1.7º पर पहुंच गया। जबकि गुमला में 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां पारा 2.8º तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने शनिवार को यूपी के 68 जिलों शीतलहर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कोहरा इतना घना होगा कि विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार के कई शहरों में तापमान 10º से नीचे दर्ज किया गया। कोहरे के कारण ट्रेनें लेट चल रही हैं। कई एयरलाइन्स ने फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। बिहार में 30 दिसंबर तक कक्षा 8 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
हिमालयी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के 6 जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। 30-31 दिसंबर को उत्तरकाशी और चमोली में बर्फबारी के आसार हैं।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से एक फ्लाइट कैंसिल, कई लेट (Chandigarh News)
कोहरे का असर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आने और जाने वाली फ्लाइट में पड़ा है। 5:55 पर पुणे से आने वाली फ्लाइट लेट हुई। इसके अलावा 7:15 पर जयपुर से आने वाली फ्लाइट को जयपुर की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। 7:30 पर बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट को जयपुर की तरफ डायवर्ट किया गया है। 7:45 पर अबू धाबी से आने वाली फ्लाइट देरी हुई है।
इसी तरह चंडीगढ़ से सुबह 5:45 पर दिल्ली जाने वाली फ्लाइट कैंसिल हुई है, जबकि 5:55 पर लखनऊ जाने वाली 7:25 पर रवाना हुई है। 9:00 बजे तक जाने वाली सभी फ्लाइट देरी से रवाना हो रही है।
UTTAR PRADESH WEATHER
यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा समेत 30 जिलों में कोहरा छाया है। सर्द हवाएं चल रही हैं। कई जगह कोहरा इतना घना है कि विजिबिलिटी शून्य रह गई। मौसम विभाग (IMD) ने आज से अगले कुछ दिनों के लिए भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है।
अयोध्या-सीतापुर समेत 23 जिलों में सीजन में पहली बार रेड अलर्ट है। लखनऊ-कानपुर समेत 31 जिलों में ऑरेंज और प्रयागराज समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट है। धूप निकलने के चांस कम हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बेवजह यात्रा से बचिए। बच्चों और बुजुर्गों को खास ख्याल रखिए।
शुक्रवार की बात करें तो प्रदेश में शिमला-मनाली (7°C), नैनीताल (9°C) और जम्मू (10°C) से भी ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई। मेरठ का तापमान 5.9°C दर्ज किया गया। मेरठ के बाद 6.4°C के साथ इटावा दूसरे और 6.8°C के साथ बाराबंकी तीसरे नंबर पर रहा।
प्रयागराज, देवरिया समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें दो से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या समेत कई एयरपोर्ट्स से 26 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं, जबकि 20 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं।
वहीं, फर्रुखाबाद में 52 साल के किसान हरनाथ सिंह की मौत हो गई। वे कादरी गेट थाना क्षेत्र के नगला कलार गांव के रहने वाले थे। फसल की सिंचाई के दौरान ठंड लगने से बेहोश हो गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रदेश में बीते एक हफ्ते में ठंड की वजह से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
Kanpur में सर्दी का कहर लगातार जारी है। शनिवार सुबह शहर में कोहरा नहीं छाया, मौसम साफ रहा। शुक्रवार को दिन में धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री तक गिर गया, जिससे दिन में भी ठंडक का एहसास हुआ।
बीते कई दिनों के बाद शनिवार की सुबह मौसम साफ रहा। हालांकि, बर्फीली हवा गलन का एहसास करा रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव ताप रहे हैं। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

