Kanpur Big News : रूमा स्थित KIT (कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में सोमवार को भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा करने के साथ तोड़फोड़ किया।
वहीं, आक्रोशित छात्रों की कॉलेज के निदेशक से भी धक्कामुक्की हुई। AKTU से आई टीम ने भी कॉलेज में अभद्रता का आरोप लगाया।
ऑटोनामस का धोखा देकर अधिक fees में दाखिला लेकर भविष्य बर्बाद होने के खतरे से आक्रोशित छात्रों ने दिनभर हंगामा किया।
KIT में ऑटोनामस को लेकर छात्र-छात्राएं पिछले एक सप्ताह से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी छात्रों ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
छात्रों का आरोप है कि पिछले सभ 2024-25 में कॉलेज प्रशासन ने ऑटोनामस बताकर दाखिला लिया था। इससे सामान्य कॉलेज की अपेक्षा अधिक फीस ली गई और कॉलेज ने 70 के बजाए 30 अंकों की परीक्षा कराई। जबकि विवि 70 अंक की परीक्षा कराता है। ऑटोनामस के कारण इस सत्र के छात्रों का विवि में इनरोलमेंट भी नहीं हुआ है। इसमें बीटेक के अलावा बीसीए और एमसीए के छात्र सम्मिलित हैं। वहीं, इस साल दाखिला लेने वाले छात्र भी परेशान हैं।
उन्होंने ऑटोनामस कॉलेज के अनुसार विषयों का चयन किया और पढ़ाई की। अब उन्हें विवि के विषयों के अनुसार परीक्षा देने का दबाव बनाया जा रहा है। छात्रों के हंगामे व तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही SDM नर्वल विवेक मिश्रा, ACP चकेरी अभिषेक पांडेय समेत भारी पुलिस फोर्स पहुंचा और सभी को शांत कराया।
इसी बीच, एकेटीयू के प्रति कुलपति प्रो. राजीव कुमार, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी सिंह व डिप्टी रजिस्ट्रार आयुष श्रीवास्तव भी पहुंचे।
मामला बढ़ता देख ADM सिटी डॉ. राजेश कुमार भी पहुंचे। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन व विवि की टीम के साथ छात्रों की बातचीत कराई। छात्रों का कहना था कि कॉलेज की गड़बड़ी से कुछ छात्रों के दो तो कुछ के तीन साल बर्बाद हो रहे हैं।
वहीं, अतिरिक्त शुल्क ने पहले ही आर्थिक तकलीफ पहुंचाई है। विवि से आए सदस्यों ने आश्वासन दिया कि छात्रों का नुकसान नहीं होगा।
हॉस्टल में बंद रहीं छात्राएं तो गेट पर छात्रों ने किया हंगामा
केआईटी में ऑटोनामस को लेकर चल रहे बवाल के दौरान कॉलेज प्रशासन ने हॉस्टल में रह रही छात्राओं को वहीं बंद कर दिया। काफी देर प्रयास के बाद छात्राएं हॉस्टल से निकल सकी। वहीं, कॉलेज के मुख्य गेट पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्राओं ने भी जमकर नारेबाजी की।
हमारी गलती क्या जो सजा हमको मिल रही
छात्राओं ने कहा कि इस पूरे विवाद में हमारी क्या गलती है जो सजा हमको मिल रही है। कॉलेज प्रशासन ने झूठ बोला तो विवि को कार्रवाई करनी चाहिए। हमने कॉलेज के नियमानुसार फीस दी, पढ़ाई की और परीक्षा दी। फिर अच्छा रिजल्ट आया। अब कहा जा रहा कि विवि के विषयों के अनुसार पढ़ाई करो और परीक्षा दो।
पहले वर्ष के लिए बैक-पेपर कराने का आश्वासन दिया गया है। हम मेधावी हैं, ऐसे तो हमारी अंकतालिका में ही बैक-पेपर का धब्बा लग जाएगा। अंतिम वर्ष के छात्रों का कहना है कि कॉलेज की इस घटना से हमारा प्लेसमेंट भी प्रभावित होगा।
केआईटी में ऑटोनामस की गलत सूचना देकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। विवि की तीन सदस्यीय टीम निरीक्षण के लिए गई है। मंगलवार को टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज में विवि की टीम के साथ भी अभद्रता की गई है। छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं होगा। विवि छात्रहित में फैसला लेगा।
प्रो. जेपी पांडेय, कुलपति-एकेटीयू
संस्थान में छात्रों ने हंगामा किया है। तोड़फोड़ भी की है। वे ऑटोनामस को लेकर विरोध कर रहे हैं। विवि प्रशासन से बात हो गई है, द्वितीय वर्ष के छात्रों के इनरोलमेंट के लिए पोर्टल खोला जाएगा। वहीं, प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा विवि की ओर से आयोजित की जाएगी। जिन छात्रों दाखिला निरस्त कराना होगा, उन्हें पूरी फीस वापस की जाएगी। मारपीट वाली बात गलत है।
डॉ. बृजेश वार्ष्णेय, निदेशक-केआईटी
कॉलेज में छात्र ऑटोनामस को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने हंगामा व तोड़फोड़ किया था। छात्र, कॉलेज प्रशासन और विवि की टीम के साथ बैठक कर मामला शांत कराया गया है। विवि प्रशासन छात्र हित में फैसला लेगा। आग लगने की जांच पुलिस कर रही है।
डॉ. राजेश कुमार, एडीएम सिटी

