KANPUR CSJMU NEWS: छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सनातन सेवा सत्संग समिति एवं श्रीमद्भगवत गीता वैदिक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में चतुर्दश गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह का आयोजन आगामी 19 अगस्त 2026 (श्रावण शुक्ल सप्तमी) बुधवार को रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मनाया जाना सुनिश्चित है।
विवि के कुलपति प्रो.विनय पाठक ने बताया कि पिछले वर्ष तुलसी जयंती पर स्थापित तुलसी चौक पर स्थित गोस्वामी जी की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया जाएगा। इस मौके पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विनय पत्रिका के भजन एवं तुलसीदास जी के जीवन चरित्र पर नाटक द्वारा सजीव चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्र उत्थान में श्रीमद् भागवत गीता एवं श्री रामचरितमानस की भूमिका” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा, जिसमें मुख्य वक्ता पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी मुंबई महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानंद जी सरस्वती एवं रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी निर्विकल्पनंद जी का पाथेय प्राप्त होगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार से डॉ. आशीष गौतम रहेंगे, व अध्यक्षता विवि के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक जी करेंगे।
कार्यक्रम में भव्य संगीतमयी सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ सुमधुर गायक योगेश जी महाराज भागवत आचार्य के सहयोगियों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के अध्यक्ष डॉ उमेश पालीवाल एवं सनातन सेवा सत्संग के अध्यक्ष आचार्य सुधीर भाई मिश्र और श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक वांगमय शोधपीठ के डायरेक्टर डॉ राजेश द्विवेदी, अजय कुमार मिश्रा, शोधपीठ के असिस्टेंट डायरेक्टर अनिल कुमार गुप्ता,पवन तिवारी, अखिलेश शुक्ला,अतुल अवस्थी, संजीव मिश्रा, जगदीश प्रसाद गुप्ता, सीताराम वर्मा, छोटे तिवारी आदि रहे।

