KANPUR India A and Australia A Match : 30 सितंबर से ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाली भारत-ए और आस्ट्रेलिया-ए (India A and Australia A) के बीच तीन वन-डे मैचों की सीरीज के लिए सोमवार को BCCI ने विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
दोनों ही टीमें 27 सितंबर को लखनऊ से कानपुर पहुंचेंगी और होटल लैंडमार्क में रुकेंगी। वहीं, एशिया कप में भारतीय टीम के सदस्य अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह व हर्षित राणा एक अक्तूबर को शहर आएंगे और दूसरे वन-डे मुकाबले के लिए भारत-ए टीम से जुड़ेंगे।
INDIA-ए और आस्ट्रेलिया-ए सीरीज के तीनों वन-डे मुकाबले KANPUR में खेले जाएंगे। 30 सितंबर, तीन अक्तूबर और पांच अक्तूबर को मैच होंगे। पहले वन-डे के लिए दोनों टीमें 28 व 29 सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में अभ्यास करेंगी।
28 सितंबर को दोपहर एक से चार बजे तक भारतीय-ए टीम अभ्यास करेगी तो शाम पांच से रात आठ बजे तक आस्ट्रेलिया-ए टीम के खिलाड़ी पसीना बहाएंगे। 29 सितंबर को दोपहर एक बजे से आस्ट्रेलिया टीम और शाम पांच बजे से भारतीय टीम मैच की तैयारी करेगी। इसी तरह, दूसरे वन-डे मुकाबले के लिए एक व दो अक्तूबर को दोनों टीमें अभ्यास करेंगी। एक अक्तूबर को दोपहर एक बजे से आस्ट्रेलिया और शाम पांच बजे से भारतीय टीम अभ्यास करेगी।
India vs Pakistan : भाजपा सांसद का मैच बहिष्कार
वहीं दो अक्तूबर, दशहरे के दिन पहले सत्र में भारत तथा दूसरे सत्र में आस्ट्रेलिया टीम अभ्यास करेगी। सीरीज के आखिरी वन-डे मैच से पहले चार अक्तूबर को दोपहर एक बजे से आस्ट्रेलिया तथा शाम पांच बजे से भारतीय टीम अभ्यास करेगी। मैच की तैयारियों के लिए मंगलवार से ग्रीन पार्क स्टेडियम में टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर का कैम्प कार्यालय भी विधिवत शुरू हो जाएगा।
पुख्ता रहेंगे सुरक्षा के इंतजाम
GREEN PARK स्टेडियम में होने वाली तीन वन-डे मैच की सीरीज के लिए शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मुलाकात की। डॉ. कपूर ने पुलिस कमिश्नर को मैच व टीम के पूरे शेड्यूल से अवगत कराया। दशहरे को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने डॉ. संजय कपूर को आश्वासन दिया कि 27 सितंबर से शहर आ रही दोनों ही टीमों को कड़ी सुरक्षा प्रदान की जाएगी। मैच के दौरान ग्रीन पार्क स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।

