Kanpur LLR Hospital News : लाला लाजपत राय अस्पताल (LLR Hospital) हैलट में मरीज को प्राइवेट जांच कराने की सलाह देने का मामला शासन तक पहुंच गया है। मामले में वरिष्ठ चिकित्सक का नाम आने पर नाराजगी भी है।
वहीं आरोपों की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा गया है। प्राचार्य द्वारा तीन वरिष्ठ डॉक्टरों को जांच का जिम्मा दिया गया है। तीन दिन में जांच टीम रिपोर्ट देगी। प्राचार्य ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि कोई भी डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवा व जांच किसी भी हालत में नहीं लिखे। अस्पताल में मौजूद दवा ही पर्चे में लिखे। अगर कोई बाहर की दवा लिखने को कहता भी है तो उसे साफ इनकार कर दें।
बता दें कि शनिवार को प्राचार्य डॉ संजय काला को निरीक्षण के दौरान मेडिसिन ओपीडी के बाहर मरीजों के पर्चे पर प्राइवेट जांच कराने और संबंधित का मोबाइल नंबर भी लिखा मिला था। छानबीन करने पर डॉ ब्रजेश कुमार ने मरीजों को देखा था।
आरोप था कि उन्होंने ही जल्द रिपोर्ट आने की बात कहकर बाहर जांच कराने को कहा था। हालांकि इस आरोप को डॉ ब्रजेश ने खारिज करते हुए साजिश बताया था। प्राचार्य ने डॉ जीडी यादव, डॉ यशवंत राव व डॉ अनीता गौतम को आरोपों की जांच करने को कहा है।

