KANPUR NEWS : एडीएम वित्त विवेक चर्तुवेदी ने निर्वाचन कार्यालय से आपदा मित्र योजना के तहत द्वितीय चरण में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के लिए 32 स्वयंसेवकों को ले जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर एसडीआरएफ मुख्यालय लखनऊ के लिए रवाना किया।
ADM Finance Vivek Chaturvedi ने बताया कि आपदा मित्र प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले में आपदा का सामना करने में सक्षम बनेंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद आपदा मित्र जिले में फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। इन सभी को 12 दिन के प्रशिक्षण के लिए एसडीआरएफ लखनऊ भेजा जा रहा है। केंद्र सरकार की तरफ से सामुदायिक जागरूकता से आपदाओं के समय होने वाले नुकसान को कम करने लिए इस योजना को लागू किया जा रहा है। आपदा मोचक निधि से आपदा मित्र परियोजना संचालित की जाएगी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा निर्देशों पर इन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, आपदा पूर्व तैयारी, भूकंप सुरक्षा, खोज एवं बचाव, अग्नि सुरक्षा, बरसात के मौसम में बाढ़, आकाशीय बिजली, सीपीआर आदि का निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला आपदा विशेषज्ञ जुगबीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद इन्हें आपातकालीन किट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका उपयोग आपदा के समय किया जा सके, जिसमें फर्स्ट एड किट, लाइफ जैकेट, टार्च, सुरक्षा हेलमेट, लाइटर, बहु उपयोगी रस्सी, कटर, सीटी आदि दिया जाएगा। इस अवसर पर श्री विमलेश कुमार यादव, वरिष्ठ सहायक उपनियन्त्रक नागरिक सुरक्षा, कानपुर नगर सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

